दूसरों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले सच्चे सनातनी नहीं: सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण पर बोले अखिलेश
अखिलेश बोले— सच्चा हिंदू कभी दूसरों का अपमान नहीं करता, सपा सरकार बनी तो खोलेंगे 26 हजार बंद स्कूल
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहारनपुर में अवैध मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर सत्तापक्ष पर जोरदार तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरे धर्मों और दूसरों की आस्था का सम्मान नहीं करते, वे कभी सच्चे सनातनी नहीं हो सकते। सच्चा हिंदू कभी दूसरों का अपमान नहीं करता, क्योंकि सनातन धर्म ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के तहत पूरी दुनिया को एक परिवार मानने की सीख देता है।
अखिलेश यादव शनिवार को लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेस में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राम मंदिर चंदे के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि ‘राम धन’ का गबन करने वाले अब घबराए हुए हैं और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा के शुरुआती दौर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि बनाने के लिए शुरुआत में मुस्लिम समाज का भी सहयोग लिया था, लेकिन आज की राजनीति सिर्फ विभाजनकारी रह गई है।
लखनऊ की ‘लाल बिल्डिंग’ और गोरखपुर की कार्यशैली पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक ही समाज के मार्गदर्शक और बच्चों के भविष्य के रक्षक हैं। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में बंद पड़े करीब 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को पुनः खोला जाएगा। साथ ही, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखा जाएगा ताकि वे केवल अध्यापन पर ध्यान दे सकें। जर्जर स्कूलों के वीडियो बनाने पर दर्ज मुकदमों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासन में भी शिक्षा पर ऐसे मुकदमे दर्ज नहीं होते थे। उन्होंने सपा सरकार के दौरान बांटे गए लैपटॉप का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक और शिक्षा के माध्यम से ही युवाओं का भविष्य संवारा जा सकता है।

