शिक्षक दिवस पर सीएम योगी ने सेल्फी वीडियो जारी कर दी बधाई, कहा— तकनीक और नवाचार से नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे शिक्षक
यूपी की गौरवशाली ज्ञान परंपरा से नई पीढ़ी को जोड़ रहे शिक्षक: शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रेरणादायी संदेश
लखनऊ। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक विशेष सेल्फी वीडियो साझा करते हुए उत्तर प्रदेश की समृद्ध और प्राचीन ज्ञान परंपरा को याद किया और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों के योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
अपने संदेश में सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ही ज्ञान, साधना और उच्च संस्कारों की पवित्र भूमि रहा है। उन्होंने काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज जैसी पावन भूमियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सारनाथ में भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था, वहीं काशी ने पूरे विश्व को ज्ञान का प्रकाश दिखाया है। इसके अलावा शुकतीर्थ में महर्षि शुकदेव द्वारा श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम वाचन और नैमिषारण्य में 88 हजार ऋषियों की साधना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी धरती से दर्शन, अध्यात्म, आयुर्वेद और भारतीय ज्ञान-विज्ञान की महान परंपराएं विकसित हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के शिक्षक इस गौरवशाली विरासत को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और नवाचार के साथ जोड़कर एक समृद्ध और उज्ज्वल नई पीढ़ी का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखी और मंगलमय जीवन की कामना की।

