अखिलेश ने सरकार बचाने और विकास दुबे एनकाउंटर से की तुलना
प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी और आगामी चुनावों पर निशाना
लखनऊ: शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की नागपुर से गिरफ्तारी के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि यदि इस मामले में सिस्टम पूरी ईमानदारी से निष्पक्ष जांच करे, तो कई बड़े अधिकारियों के चेहरे बेनकाब हो जाएंगे।
लखनऊ के मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि श्रद्धा दुबे पर हो रही यह कार्रवाई सिर्फ सरकार को बचाने का एक प्रयास है। उन्होंने इसकी तुलना बिकरू कांड के गैंगस्टर विकास दुबे की कार पलटने वाली घटना से करते हुए सरकार को घेरा। साथ ही तंज कसा कि भाजपा के लोग श्रद्धा और आस्था दोनों के साथ खिलवाड़ करते हैं और जो लोग भेदभाव करते हैं, वे कभी सनातनी नहीं हो सकते।
अखिलेश यादव ने आगामी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन चुनावों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अधिकारी राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह काम न करें, अन्यथा सरकार बदलने पर उनका जेल जाना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीआईओएस और बीएसए फोन के जरिए शिक्षकों को धमका रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा बिना धांधली और हेराफेरी के कोई चुनाव नहीं जीत सकती, क्योंकि वोटर लिस्ट भाजपा मंत्रियों और नेताओं के पास पहले से पहुंच रही है। सपा प्रमुख ने आगरा, लखनऊ, इलाहाबाद-झांसी, वाराणसी और मेरठ समेत विभिन्न खंडों के लिए पार्टी के घोषित प्रत्याशियों के नाम गिनाते हुए कार्यकर्ताओं से उनकी जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

