अब्दुल कलाम सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित ‘वाणिज्य बंधु’ की बैठक
लखनऊ व्यापार मण्डल ने शहर के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा
लखनऊ। अब्दुल कलाम सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित ‘वाणिज्य बंधु’ की बैठक में लखनऊ व्यापार मण्डल ने शहर के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में बिजली, पानी, अतिक्रमण, यातायात और मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र एवं स्थायी समाधान की मांग की गई।
बैठक के दौरान वरिष्ठ महामंत्री जितेन्द्र सिंह चौहान ने ज्ञापन को पढ़कर सुनाया और समस्याओं के व्यावहारिक समाधान हेतु आवश्यक सुझाव रखे। वहीं वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने नाका परिक्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए आर्य नगर मार्केट के पास फड़-ठेलों से होने वाले स्थायी अतिक्रमण, भीषण जाम और पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर ठोस कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की मांग की।
व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान के लिए केवल चर्चा काफी नहीं है, बल्कि संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए। महामंत्री मनीष गुप्ता ने डालीगंज क्षेत्र में बिजली की बार-बार ट्रिपिंग और शहर की लचर यातायात व्यवस्था पर चिंता जताई। इसके अलावा, मुख्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार वर्मा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष बबलू हसीब ने आलमबाग परिक्षेत्र में नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से मंडी समिति की जटिल जियो टैगिंग व्यवस्था को सरल बनाने, विद्युत विभाग द्वारा सर्राफा बाजार की जर्जर केबलों को बदलने, ढीले तारों व खंभों को दुरुस्त करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की गई। नगर निगम से संबंधित मांगों में झाऊलाल पुल पर सुलभ शौचालय निर्माण, ट्रेड लाइसेंस के नाम पर उत्पीड़न रोकने, जलभराव से मुक्ति, सफाई, पार्किंग और पिंक शौचालय की सुविधाएं शामिल थीं।
साथ ही, एलडीए से लीजहोल्ड भूमि को फ्रीहोल्ड करने की नीति लागू करने, लोनिवि द्वारा गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत कराने और यातायात पुलिस से चारबाग में अराजक तत्वों पर लगाम लगाने, ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने तथा प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने हेतु संयुक्त समिति गठित करने की मांग की गई। बैठक में राजू शुक्ला, चिराग जाखोड़िया सहित कई प्रमुख व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

