मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घुमन्तू विकास बोर्ड के गठन हेतु आयोजित आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित किया
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री का दिया गया ‘सबका साथ-सबका विकास’ का मंत्र समाज के हर वर्ग के उत्थान का मुख्य आधार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घुमन्तू विकास बोर्ड के गठन हेतु विमुक्त एवं घुमन्तू समाज द्वारा आयोजित आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया ‘सबका साथ-सबका विकास’ का मंत्र आज समाज के प्रत्येक तबके के उत्थान का आधार बना है। इसी कड़ी में गठित घुमन्तू विकास बोर्ड के माध्यम से डबल इंजन सरकार घुमन्तू एवं विमुक्त जातियों को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार प्रदान करेगी और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में वर्ष 1871 में इन जातियों को ‘क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट’ के तहत अधिसूचित कर दिया गया था, क्योंकि इन्होंने 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम में अंग्रेजों की चूलें हिला दी थीं। आजादी के बाद बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने इस काले कानून को समाप्त कर वर्ष 1952 में इन्हें विमुक्त जाति के रूप में पहचान और सम्मान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विमुक्त जातियां अपराधी नहीं, बल्कि देश की वास्तविक स्वाधीनता संग्राम सेनानी हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र में पिछले 12 वर्षों और उत्तर प्रदेश में पिछले 9 वर्षों से डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के इन जातियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार के लिए जनता केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि जनार्दन का रूप है। प्रदेश में पहली बार वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा दिया गया। इसके अलावा मुसहर, थारू, चेरो, बुक्सा, कोल, सहरिया और गोंड जैसी जातियों को पक्के आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बिजली व रसोई गैस कनेक्शन और विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ देकर सेचुरेशन के लक्ष्य तक पहुँचाया जा रहा है।
सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रृंगवेरपुर में निषादराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का विजय स्मारक बनाया गया है तथा बलरामपुर के इमलिया कोडर में ट्राइबल म्यूजियम तैयार हो चुका है। साथ ही वीरांगना अवंतीबाई लोधी, ऊदा देवी पासी और झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला पुलिस बटालियनों का गठन किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय और अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त आश्रम पद्धति विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। सपेरा समुदाय के पुनर्वास के लिए भी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। घुमन्तू विकास बोर्ड शीघ्र ही पूर्ण रूप से कार्य करना प्रारंभ कर देगा, जिसमें प्रत्येक जाति का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घुमन्तू विकास बोर्ड के माध्यम से विकास की योजनाओं का लाभ त्वरित गति से इस समाज तक पहुँचेगा। इस अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत और उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

