यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष और रसड़ा (बलिया) विधायक उमाशंकर सिंह का
लंबी बीमारी के बाद निधन, प्रदेश के खेल और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष और बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ विधायक उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके देहावसान से प्रदेश के खेल और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ ने उनके निधन को प्रदेश के खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
उमाशंकर सिंह ने हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और हैंडबॉल गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी स्मृति में लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जहाँ खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरियों और संघ के पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने कहा कि उमाशंकर सिंह का हैंडबॉल के प्रति समर्पण और खिलाड़ियों के लिए सहयोग हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। वहीं, संघ के पूर्व अध्यक्ष कुँवर फतेह बहादुर सिंह ने अपने संदेश में उनके योगदान को ऐतिहासिक बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

