जनपदीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता: खालसा इंटर कॉलेज बालक वर्ग में चैंपियन, बालिका वर्ग में जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज अव्वल

Anoop

August 6, 2026

मेजबान खालसा इंटर कॉलेज में जनपदीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता का सफल आयोजन

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया

लखनऊ। मेजबान खालसा इंटर कॉलेज में गुरुवार को जनपदीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग में खालसा इंटर कॉलेज ने 6 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। वहीं बालिका वर्ग में जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज ने अपना वर्चस्व कायम रखते हुए कुल 20 स्वर्ण पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में खालसा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सरदार वीरेंद्र सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। खालसा इंटर कॉलेज के प्रवक्ता एवं कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव जसपाल सिंह ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा शिक्षिका मुक्ता बब्बर और स्वतंत्र हाई स्कूल से अतुल सोनी भी मौजूद रहे। आयोजकों ने जानकारी दी कि 7 अगस्त 2026 को खालसा इंटर कॉलेज, लखनऊ में मंडलीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम:

  • अंडर-14 बालिका वर्ग: -22 किग्रा में रोशनी, -24 किग्रा में आराध्या त्रिवेदी, -26 किग्रा में फ़लक नाज़, -34 किग्रा में खुशी मौर्य, -38 किग्रा में वैभवी, -50 किग्रा में सुहानी रावत तथा +50 किग्रा में सैजल उपाध्याय (सभी जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज) ने स्वर्ण पदक हासिल किए।
  • अंडर-17 बालिका वर्ग: -32 किग्रा में वैशाली, -36 किग्रा में सौम्या, -40 किग्रा में सुभी दूबे, -44 किग्रा में नैना, -48 किग्रा में मानसी वर्मा, -52 किग्रा में मानसी तथा -56 किग्रा में वर्तिका सिंह (सभी जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज) ने स्वर्ण पदक जीते।
  • अंडर-19 बालिका वर्ग: -32 किग्रा में सावनी, -36 किग्रा में मीनाक्षी, -40 किग्रा में प्राची गौतम, -44 किग्रा में दीपिका वर्मा, -48 किग्रा में सान्या रावत तथा -52 किग्रा में श्रद्धा वर्मा (सभी जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज) प्रथम स्थान पर रहीं।
  • अंडर-14 बालक वर्ग: -55 किग्रा वर्ग में एसकेडी के आयुष कुमार यादव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
  • अंडर-17 बालक वर्ग: -45 किग्रा में ओम चौरसिया (आदर्श मॉन्टेसरी स्कूल), -54 किग्रा में आर्यन गुप्ता (खालसा इंटर कॉलेज), -66 किग्रा में अंश लोधी (खालसा इंटर कॉलेज) तथा -70 किग्रा में शिवा श्रीवास्तव (अर्जुनगंज बाल विद्या मंदिर) ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए।
  • अंडर-19 बालक वर्ग: -45 किग्रा में शुभ रावत, -50 किग्रा में मोहित आसेरी, -54 किग्रा में राजीव कश्यप तथा -58 किग्रा में बादल कुमार शर्मा (सभी खालसा इंटर कॉलेज) ने स्वर्ण पदक जीते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *