देवप्रयाग के मेधावी छात्रों से बोले सीएम योगी: चुनौतियों से न घबराएं, सकारात्मक सोच से ही मिलेगी प्रगति

Anoop

September 20, 2026

सीएम योगी ने देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों से किया संवाद: चुनौतियों को समाधान की ओर ले जाने का दिया संदेश

तकनीक से संचालित न हों, उसे खुद संचालित करें: विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और एआई के सही उपयोग की दी सलाह

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम’ के तहत उत्तराखण्ड के देवप्रयाग से उत्तर प्रदेश आए मेधावी विद्यार्थियों से शनिवार को अपने सरकारी आवास पर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों का स्वागत व परिचय प्राप्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संवाद के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आत्मविश्वास कठिन चुनौतियों से जूझने का आत्मबल प्रदान करता है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे चुनौतियों से घबराने या उन्हें टालने के बजाय समाधान की दिशा में प्रयास करें, क्योंकि सकारात्मक सोच जीवन की गति को प्रगति में बदल देती है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भ्रमण पर आए बच्चों को गोमती बुक फेस्टिवल ले जाया जाए और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि व्यावहारिक ज्ञान ही सच्चा ज्ञान है। लैब में विज्ञान के प्रैक्टिकल और गणित के सूत्रों की विवेचना से विषय अधिक स्पष्ट होते हैं। उन्होंने तकनीकी के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक को अपनाना आज की आवश्यकता है, लेकिन तकनीक मनुष्य से संचालित होनी चाहिए, मनुष्य तकनीक से नहीं। उन्होंने युवाओं को स्मार्टफोन का सदुपयोग एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन-स्पेस टेक्नोलॉजी और करियर निर्माण से जुड़ी जानकारियां प्राप्त करने के लिए करने की सलाह दी।

समय प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में प्रत्येक मिनट कीमती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ महापुरुषों की जीवनी और रुचि की अच्छी पुस्तकें पढ़ने व बुक बैंक बनाने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने बच्चों को लखनऊ, अयोध्या और काशी का भ्रमण कराने के निर्देश दिए और पिछले 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के साथ ‘राम की पैड़ी’ को हरिद्वार की ‘हर की पैड़ी’ की तर्ज पर विकसित किया गया है तथा काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन सुगम हुआ है।

कार्यक्रम में देवप्रयाग के विधायक विनोद कण्डारी, शिक्षक और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे, जबकि संचालन कक्षा-5 की छात्रा मिष्टी रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *