अधिकारियों को निर्देश: समाधान के बाद आवेदकों से फीडबैक लें, लगेंगे बिजली बिल सुधार शिविर
लखनऊ की सभी पांचों तहसीलों में डीएम की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया
लखनऊ: जनसामान्य की समस्याओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण के क्रम में जनपद लखनऊ की सभी पांचों तहसीलों में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील सरोजनीनगर में मुख्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान जनपद की सभी तहसीलों में कुल 549 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 122 प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
सरोजनीनगर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान सर्वाधिक 165 मामले सामने आए, जिनमें से 62 प्रकरणों का विभिन्न टीमों के माध्यम से मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जनपद की अन्य तहसीलों में तहसील बीकेटी में प्राप्त 135 में से 31, मोहनलालगंज में 117 में से 18, मलिहाबाद में 97 में से 8 और तहसील सदर में प्राप्त 35 में से 3 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर हुआ। प्राप्त शिकायतों में राजस्व के 280, पुलिस के 66, विकास के 54, समाज कल्याण के 7, शिक्षा के 6, नगर निगम के 5, स्वास्थ्य के 3 और अन्य विभागों के 118 प्रार्थना पत्र शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शेष बचे सभी प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर विधिक प्रक्रियाओं के तहत गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारण की आख्या फोटो व वीडियो साक्ष्य के साथ प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही अधिकारियों को ताकीद की गई कि वे शिकायतों के निस्तारण के पश्चात शिकायतकर्ताओं से फोन कर फीडबैक भी लें।
समाधान दिवस में बिजली बिलों से जुड़ी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को प्रत्येक समाधान दिवस पर तहसील परिसर में ‘बिजली बिल संशोधन शिविर’ अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्रों को संतृप्त करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सरोजनीनगर अभिषेक, तहसीलदार जे.पी. सिंह, डीसी मनरेगा, पीडी ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

