कल से सजेगा बैडमिंटन का महाकुंभ: सैयद मोदी इंटरनेशनल चैंपियनशिप में 22 देशों के 269 शटलर दिखाएंगे दमखम

Anoop

November 23, 2026

24 से 29 नवंबर तक गोमतीनगर स्थित बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में होंगे मुकाबले, दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क

2.50 लाख डॉलर की इनामी राशि दांव पर; महिला युगल में खिताब बचाने उतरेंगी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद

लखनऊ। राजधानी में मंगलवार, 24 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन का रोमांच शुरू होने जा रहा है। गोमतीनगर स्थित योनेक्स सनराइज बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300’ बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत सहित 22 देशों के 269 खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 2,50,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि दांव पर होगी। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि मेजबान भारत का सबसे बड़ा 146 सदस्यीय दल इस प्रतियोगिता में भाग ले रहा है, जबकि मलेशिया के 20, इंडोनेशिया के 19 और थाईलैंड के 17 खिलाड़ियों सहित अन्य देशों के दिग्गज शटलर कोर्ट पर उतरेंगे।

टूर्नामेंट के सभी पांच वर्गों—पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल—के मुख्य ड्रॉ में 32-32 खिलाड़ी या जोड़ियां शामिल होंगी। इनमें 28 को सीधा प्रवेश दिया गया है, जबकि शेष चार स्थान 24 नवंबर को होने वाले क्वालीफाइंग मुकाबलों के जरिए भरे जाएंगे। इसी दिन मुख्य ड्रॉ के भी कुछ मैच खेले जाएंगे और खिताबी मुकाबले 29 नवंबर को होंगे। भारतीय चुनौती की बात करें तो पुरुष एकल में अनुभवी शटलर एचएस प्रणय को तीसरी और थारुण मन्नपल्ली को आठवीं वरीयता मिली है, जबकि सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह शीर्ष और मलेशिया के ली जी जिया दूसरे वरीय खिलाड़ी हैं। महिला एकल में जापान की रिको गुंजी शीर्ष वरीयता के साथ उतरेंगी, वहीं भारत की तन्वी शर्मा को दूसरी, उन्नति हुड्डा को तीसरी, अस्मिता चालिहा को पांचवीं, देविका सिहाग को सातवीं और ईशारानी बरुआ को आठवीं वरीयता दी गई है।

युगल मुकाबलों में भारत की निगाहें गत चैंपियन त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की शीर्ष वरीय जोड़ी पर टिकी होंगी, जो महिला युगल में अपना खिताब बचाने उतरेंगी। इसी वर्ग में अश्विनी भट और शिखा गौतम को आठवीं वरीयता मिली है। पुरुष युगल में भारत के हरिहरन आमसाकरुणन और एम.आर. अर्जुन तीसरी वरीयता के साथ खेलेंगे, जबकि मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो शीर्ष वरीय जोड़ी के रूप में उतरेंगे। इसके अलावा रोहन कपूर-रुत्विका शिवानी गड्डे को चौथी और ध्रुव रावत-मनीषा के को सातवीं वरीयता प्राप्त है। उत्तर प्रदेश के खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण राज्य की मानसी सिंह (महिला एकल) और श्रुति मिश्रा (महिला युगल में प्रिया के साथ) होंगी, जो मुख्य ड्रॉ में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास ने अपने संदेश में इस आयोजन को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा देखने और सीखने का अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है और सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबलों का सीधा प्रसारण दूरदर्शन तथा ‘वेव’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए बीबीडी अकादमी के साथ-साथ ओमैक्स हाइट्स स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी व्यवस्था की गई है। चैंपियनशिप के सफल संचालन के लिए श्रीलंका के रोहना डी सिल्वा को मुख्य रेफरी नियुक्त किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारी अरुण कक्कड़, रविंद्र चौहान और गौरव खन्ना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे, जहां एसोसिएशन के दिवंगत सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *