लखनऊ पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने सपा के ‘PDA’ का अर्थ ‘पराया धन अपना’ बताया
बोले-आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए पूरी ताकत से उतरेगा और जीत दर्ज कर फिर सरकार बनाएगा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने पहली बार लखनऊ पहुंचने पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए पूरी ताकत और एकजुटता के साथ मैदान में उतरकर एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगा।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विनोद तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनकर उभरा है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में उत्तर प्रदेश ने विकास के नए आयाम हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के मार्गदर्शन में पूरी मजबूती से लड़ा जाएगा। चुनाव में जीत के बाद एनडीए अगले पांच वर्षों तक प्रदेश की जनता की सेवा और विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करेगा।
सपा के चर्चित ‘पीडीए’ (PDA) नारे पर तीखा हमला बोलते हुए तावड़े ने पार्टी कार्यकर्ताओं से इसे पूरी तरह निष्फल करने का आह्वान किया। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए ‘पीडीए’ का नया अर्थ ‘पराया धन अपना’ बताया और कहा कि एनडीए कार्यकर्ता सपा के इस एजेंडे को कभी सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में पूरी निष्ठा के साथ जुटने की अपील की।

