ग्रीनपार्क स्टेडियम के नवनिर्मित प्लेयर्स पवेलियन में प्रदेश स्तरीय ‘अंपायर एवं स्कोरर कार्यशाला‘
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए)सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया कार्यशाला का शुभारंभ
कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम के नवनिर्मित प्लेयर्स पवेलियन में आज प्रदेश स्तरीय ‘अंपायर एवं स्कोरर कार्यशाला’ का भव्य उद्घाटन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता द्वारा किया गया। तीन वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही इस विशेष कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के 35 जिलों से 96 अंपायर और 37 स्कोरर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 7 महिला अंपायर व 2 महिला स्कोरर भी शामिल हैं। कार्यशाला के दौरान होने वाली लिखित परीक्षा में 80% या उससे अधिक अंक पाने वाले प्रतिभागियों को आगामी सितंबर माह में प्रायोगिक, मौखिक और विजुअल परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ UPCA अंपायर कमेटी के चेयरमैन मनोज पुंडीर के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके पश्चात पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने अभ्यर्थियों को अंपायरिंग की बारीकियों से रूबरू कराते हुए इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं BCCI के वरिष्ठ एजुकेटर पी. जयपाल ने आधुनिक क्रिकेट में स्कोरर की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया।

UPCA सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला एवं निदेशक रियासत अली ने प्रदेश में क्रिकेट के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। अंत में डॉ. गौरहरि सिंघानिया क्रिकेट एकेडमी के सीईओ दीपक शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सुजीत श्रीवास्तव, रीता डे, अनुराग गुप्ता, अनुराग राठौर, एस.पी. सिंह तथा ए.पी. सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

