लामार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ की छात्रा मोहलक्षिका ने मात्र 6 वर्ष 9 माह की आयु में
कराटे की प्रतिष्ठित ब्लैक बेल्ट (शोदान) परीक्षा उत्तीर्ण कर ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज की
लखनऊ। प्रतिभा, समर्पण और निरंतर अभ्यास उम्र के मोहताज नहीं होते—इस बात को सच साबित दिखाया है विश्व रिकॉर्ड धारक मोहलक्षिका सिंह ने। लामार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ की छात्रा मोहलक्षिका ने मात्र 6 वर्ष 9 माह की आयु में कराटे की प्रतिष्ठित ब्लैक बेल्ट (शोदान) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ वह उत्तर प्रदेश की सबसे कम उम्र की बालिका बन गई हैं, जिन्हें ब्लैक बेल्ट (शोदान) का सम्मान प्राप्त हुआ है।
मोहलक्षिका को यह प्रतिष्ठित सम्मान कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव जसपाल सिंह द्वारा प्रदान किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकॉन कराटे फेडरेशन उत्तर प्रदेश के महासचिव एवं उनके प्रशिक्षक संतोष जायसवाल तथा कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव कृष्णा अवतार विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों और प्रशिक्षकों ने मोहलक्षिका की इस अद्भुत प्रतिभा की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्तर प्रदेश के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि मोहलक्षिका आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। गौरतलब है कि मोहलक्षिका इससे पहले कनाडा के ‘अमेजिंग ओलंपिया वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में ‘मोस्ट अल्टरनेटिंग टू हैंड एंड वन हैंड कार्टव्हील सीक्वेंस’ श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का लोहा मनवा चुकी हैं। अब कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल कर उन्होंने अपनी सफलताओं में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

