वरिष्ठ कवि व सांस्कृतिक-चिंतक अशोक बाजपेयी को मिलेगा ‘डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य सम्मान 2026’

Anoop

August 4, 2026

देश के सांस्कृतिक चिंतक अशोक बाजपेयी को वर्ष-2026 के प्रतिष्ठित ‘डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य सम्मान’ से होगा सम्मान

डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य एकेडमी, लखनऊ के महामंत्री हफीज किदवई ने जारी विज्ञप्ति में दी जानकारी

लखनऊ। देश के वरिष्ठ कवि, आलोचक, निबंधकार एवं सांस्कृतिक चिंतक अशोक बाजपेयी को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य एकेडमी, लखनऊ के महामंत्री हफीज किदवई ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह सम्मान 01 सितम्बर 2026 को डॉ. राही मासूम रज़ा के जन्मदिवस के अवसर पर ऑल इंडिया कैफ़ी आज़मी एकेडमी, लखनऊ में सायं 4:00 बजे आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया जाएगा। एकेडमी की अध्यक्ष वंदना मिश्रा की अध्यक्षता में गठित चयन-जूरी ने सर्वसम्मति से अशोक बाजपेयी के नाम का अनुमोदन किया। जूरी का मानना है कि हिंदी साहित्य, आलोचना, संस्कृति और कलाओं के क्षेत्र में उनका बहुआयामी, सृजनात्मक और दीर्घकालिक योगदान उन्हें इस सम्मान का सर्वथा योग्य अधिकारी बनाता है।

उल्लेखनीय है कि अशोक बाजपेयी भारत के प्रमुख सांस्कृतिक व्यक्तित्वों और सार्वजनिक बुद्धिजीवियों में गिने जाते हैं। उनके अब तक कविता की 14 से अधिक पुस्तकें, हिंदी आलोचना की 10 तथा अंग्रेज़ी में कला पर आधारित 4 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। वे भारतीय संस्कृति के सशक्त संवाहक और सांस्कृतिक संस्थाओं के अभिनव निर्माता के रूप में व्यापक रूप से प्रतिष्ठित हैं। भोपाल स्थित विश्वविख्यात बहु-कला केंद्र ‘भारत भवन’ की स्थापना का श्रेय उन्हीं को जाता है। वे महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति रहे, साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय संग्रहालय (नई दिल्ली) के महानिदेशक, राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (भोपाल) के उपाध्यक्ष तथा ललित कला अकादमी के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

महामंत्री हफीज किदवई ने बताया कि वर्ष 2026 डॉ. राही मासूम रज़ा का जन्मशती वर्ष है। इस ऐतिहासिक अवसर पर एकेडमी पूरे वर्ष राही के साहित्य, उनके वैचारिक अवदान, भारतीय साझी संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय सरोकारों पर केंद्रित व्याख्यानों, संगोष्ठियों तथा साहित्यिक संवादों की श्रृंखला आयोजित करेगी। 1 सितम्बर को होने वाले सम्मान समारोह में देश के अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकार, शिक्षाविद, कलाकार, पत्रकार और बुद्धिजीवी उपस्थित रहेंगे, जहाँ अशोक बाजपेयी के साहित्यिक अवदान और राही मासूम रज़ा के रचना-संसार पर विशेष चर्चा की जाएगी।

साहित्य और कला की स्वायत्तता के पक्षधर अशोक बाजपेयी को इससे पूर्व साहित्य अकादेमी पुरस्कार, दयावती कवि शेखर सम्मान, कबीर सम्मान तथा हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा मानद डी.लिट. की उपाधि से नवाजा जा चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्हें पोलैंड सरकार के “ऑफिसर्स क्रॉस ऑफ मेरिट ऑफ द रिपब्लिक ऑफ पोलैंड” और फ्रांस सरकार के “ऑफिसिए दे ल’ऑर्द्र देज़ आर्ट्स ए दे लेत्र” सम्मान से अलंकृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *