साई क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा “स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय” थीम पर ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ का भव्य आयोजन

Anoop

August 3, 2026

‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत, यूपी-उत्तराखंड के 100 केंद्रों से 2,000 प्रतिभागी जुड़े

जुम्बा, योग और 6 किलोमीटर लंबी साइक्लिंग रैली, अतिथियों व वरिष्ठ अधिकारियों ने किया उत्साहवर्धन

लखनऊ। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC), लखनऊ द्वारा शांतिनगर, कानपुर रोड स्थित परिसर में “स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय” की विशेष थीम पर ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का अत्यंत उत्साहवर्धक एवं सफल आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों के बीच शारीरिक फिटनेस, साइक्लिंग की संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था, साथ ही ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के महत्वपूर्ण संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था।

प्रातःकाल 7:00 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत ऊर्जावान माहौल में हुआ। इसमें हीरा लाल यादव स्कूल, हीरा लाल यादव डिग्री कॉलेज, एक्सेलिया स्कूल तथा जयपुरिया स्कूल के लगभग 150 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गतिविधी की औपचारिक शुरुआत से पूर्व सभी उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा साई के अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर “नशा मुक्त भारत” की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने तथा एक स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय दूत (Ambassador) बनने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि के रूप में श्री मुकेश (हीरा लाल यादव संस्थान), श्री सूर्य (एक्सेलिया स्कूल) एवं रवि (जयपुरिया स्कूल) ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

शपथ ग्रहण के तत्काल उपरांत प्रतिभागियों के लिए एक ऊर्जावान जुम्बा सत्र का आयोजन किया गया, जिसने माहौल में स्फूर्ति भर दी। इसके पश्चात मानसिक एवं शारीरिक संतुलन के लिए योग सत्र हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 6 किलोमीटर की साइक्लिंग रैली रही, जिसे साई NSRC परिसर के भीतर निर्धारित हरित मार्ग पर आयोजित किया गया। इस रैली ने प्रतिभागियों को न केवल साइक्लिंग को अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करने के लिए प्रेरित किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया।

यह आयोजन केवल लखनऊ परिसर तक ही सीमित नहीं रहा। जहां एक ओर NSRC लखनऊ परिसर में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की, वहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों में NSRC लखनऊ के अधीन संचालित 100 खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) से लगभग 2,000 अन्य प्रतिभागियों ने वर्चुअल (ऑनलाइन) माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी केंद्रों के युवाओं और खिलाड़ियों ने एक साथ साइक्लिंग कर ‘फिट इंडिया’ और ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश प्रसारित किया।

इस अवसर पर साई के वरिष्ठ अधिकारियों आत्मा प्रकाश (क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी), लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह (निदेशक), मनीष कुमार (सहायक निदेशक), प्रवीण कुमार सी.एम. (सहायक निदेशक)ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अधिकारियों ने युवाओं का आह्वान किया कि वे खेलों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और देश को फिट व नशामुक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *