सदन में हर सवाल का उत्तर देने को तैयार सरकार: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
विधान सभा अध्यक्ष ने किया सदन के गरिमापूर्ण एवं सुचारु संचालन का अनुरोध
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान मण्डल के वर्ष 2026 के तृतीय (मानसून) सत्र का शुभारंभ हो गया है। सत्र की पूर्व संध्या पर विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन के गरिमापूर्ण एवं सुचारु संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि तार्किक, तथ्यपरक और सकारात्मक संवाद के माध्यम से ही जनसम समस्याओं का स्थायी व अर्थपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है।
सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर प्रकाश डालते हुए उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि सरकार सदन के पटल पर विपक्ष के सभी प्रश्नों का तथ्यपरक उत्तर देने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विधान सभा लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्था है। सरकार चाहती है कि विपक्षी दल जनहित, विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को नियमानुसार सदन में उठाएं तथा वाकआउट या हंगामे के बजाय सकारात्मक बहस में भाग लें।
उन्होंने रेखांकित किया कि विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश के प्रति देश और दुनिया का नजरिया बदला है। सदन में हुई नीतिगत चर्चाओं और जनहितकारी निर्णयों के बल पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा प्रतिव्यक्ति आय में लगभग 03 गुना वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश विधान मंडल ने अनुशासन, कार्यसंस्कृति और विधायी कामकाज के मामले में संपूर्ण देश में संसदीय कार्यप्रणाली की एक उत्कृष्ट नजीर पेश की है।
सत्र की प्रस्तावित कार्यसूची एवं अनुपूरक बजट
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सत्र के कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। 03 अगस्त: सत्र का औपचारिक शुभारम्भ। 04 अगस्त: जनहित एवं प्रशासनिक सुधारों से जुड़े विधेयकों पर चर्चा। 05 अगस्त: राज्य सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। 06 अगस्त: अनुपूरक बजट पर चर्चा एवं मुख्यमंत्री जी का विशेष संबोधन।
सर्वदलीय सहमति और विपक्ष का आश्वासन
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मत्स्य मंत्री संजय निषाद तथा विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह की उपस्थिति में विपक्षी दलों के नेताओं ने सदन को व्यवस्थित चलाने में सहयोग का भरोसा दिया।
बैठक में प्रमुख रूप से नेता प्रतिपक्ष (सपा) – माता प्रसाद पाण्डेय, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस – आराधना मिश्रा ‘मोना’, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक – रघुराज प्रताप सिंह, अपना दल (सोनेलाल) – डॉ. आर.के. पटेल, राष्ट्रीय लोकदल – राजपाल बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी – ओम प्रकाश राजभर, निषाद पार्टी – रमेश सिंह ने सदन के सुचारु संचालन हेतु अपना सर्वसम्मत सहयोग व्यक्त किया।
विधान भवन को मिलीं आधुनिक सौगातें
सत्र शुरू होने से पूर्व विधान भवन परिसर में नवनिर्मित एवं नवीनीकृत ढांचागत सुविधाओं का भव्य उद्घाटन किया गया। इसके अंतर्गत विधान परिषद सभा मण्डप के सौंदर्यीकरण कार्य, अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी, विधान भवन के भूतल स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर तथा विधान सभा के नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो का लोकार्पण हुआ।

