तीरंदाजी प्रतियोगिता में BSNV, काकोरी और रस्तोगी इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों का दबदबा; रायबरेली में मंडलीय स्पर्धा में दिखाएंगे दम

Anoop

July 31, 2026

बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज में ‘जनपदीय माध्यमिक विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026’ का समापन

तीरंदाजों ने अचूक निशानेबाजी अद्भुत खेल भावना का परिचय देते हुए विभिन्न आयु वर्गों में पदकों पर कब्जा जमाया

लखनऊ। चारबाग स्थित बप्पा श्री नारायण वोकेशनल (BSNV) इंटर कॉलेज के प्रांगण में शुक्रवार को आयोजित ‘जनपदीय माध्यमिक विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026’ का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में राजधानी के उदीयमान तीरंदाजों ने अपनी अचूक निशानेबाजी और अद्भुत खेल भावना का परिचय देते हुए विभिन्न आयु वर्गों में पदकों पर कब्जा जमाया।

समापन समारोह के अवसर पर मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत बाजपेई ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने घोषणा की कि इस प्रतियोगिता में चयनित सभी विजेता खिलाड़ी आगामी 6 अगस्त 2026 को रायबरेली में प्रस्तावित मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में लखनऊ जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विभिन्न स्पर्धाओं के परिणाम:

  • अंडर-14 बालक वर्ग: बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज (काकोरी) के आदर्श पाल ने 99 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके सहपाठी सूर्या ने 94 अंकों के साथ रजत पदक पर कब्जा किया। BSNV इंटर कॉलेज के आलोक यादव (68 अंक) और अंश गौतम (64 अंक) ने कांस्य पदक हासिल किया।
  • अंडर-17 बालक वर्ग: काकोरी के बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज के ऋषि ने 108 अंकों के साथ स्वर्णिम सफलता प्राप्त की और गौरव ने 102 अंकों के साथ रजत पदक जीता। BSNV इंटर कॉलेज के अनुराग विश्वकर्मा (88 अंक), अंशुमान सिंह एवं अंश गौतम (84 अंक) कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।
  • अंडर-17 बालिका वर्ग: इस वर्ग में हनुमान प्रसाद रस्तोगी इंटर कॉलेज की छात्राओं का पूर्ण वर्चस्व देखने को मिला। चंचल दुबे ने 101 अंकों के साथ स्वर्ण, कशिश शर्मा ने 84 अंकों के साथ रजत, जबकि अंजली कश्यप (75 अंक) व गौरी कश्यप (63 अंक) ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
  • अंडर-19 बालक वर्ग: BSNV इंटर कॉलेज के शाश्वत ने प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 124 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके साथी अजय ने 102 अंकों के साथ रजत पदक जीता। बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज के शिवा रावत (87 अंक) और ओम कुमार (81 अंक) ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
  • अंडर-19 बालिका वर्ग: इस श्रेणी में भी हनुमान प्रसाद रस्तोगी इंटर कॉलेज की खिलाड़ियों का जलवा बरकरार रहा। अनन्या कश्यप ने 98 अंकों के साथ स्वर्ण पदक, इप्शिता गुप्ता ने 88 अंकों के साथ रजत पदक तथा पीहू शुक्ला (73 अंक) एवं दीपिका साहू (68 अंक) ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक पर निशाना साधा।
  • कार्यक्रम के दौरान अमित सक्सेना, शमूम अख्तर, पंकज मिश्रा, राम सागर त्रिवेदी, अंकुर पांडे, आलोक भारद्वाज, धर्मेंद्र कुमार, सूरज त्रिपाठी, वेद प्रकाश, अमित श्रीवास्तव, मनोज कुमार पटेल, आलोक कल्याणी, प्रवीण यादव, अशोक कुमार द्विवेदी, राज कुमार त्रिपाठी तथा हिमांशु शुक्ला सहित अनेक खेल शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *