आरक्षी नागरिक पुलिस (सिपाही) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार, इस परीक्षा के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) ने आरक्षी नागरिक पुलिस (सिपाही) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। 32,679 रिक्त पदों के लिए कुल 76,184 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी अभिलेखों की समीक्षा (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) और शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) के लिए सफल घोषित किया गया है।
भर्ती बोर्ड के अनुसार, इस परीक्षा के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें 19,62,560 पुरुष तथा 9,24,237 महिला अभ्यर्थी शामिल थे। लिखित परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेशभर में छह पालियों में कराया गया था।
कई पालियों में परीक्षा आयोजित होने के कारण अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों का मानकीकरण (नॉर्मलाइजेशन) किया गया। इसके बाद न्यूनतम अर्हकारी अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की श्रेष्ठता सूची और आरक्षण प्रावधानों के आधार पर कुल विज्ञापित पदों के लगभग 2.33 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया है। समान कटऑफ अंक प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को भी सूची में शामिल किया गया है।
सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) की प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रही है। भर्ती बोर्ड जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा केंद्रों, तिथियों और समय सारिणी का विस्तृत ब्योरा जारी करेगा। अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं।

