केडी सिंह बाबू स्टेडियम में में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय होगी चैंपियनशिप
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 31 जुलाई को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करेंगे
लखनऊ। राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक तीन दिवसीय 42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर, 43वीं सीनियर क्योरगी एवं 10वीं पूमसे उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप का भव्य आयोजन होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 31 जुलाई को दोपहर 12 बजे इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में मेजबान लखनऊ सहित प्रदेश के 61 जिलों से 2000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। गुरुवार को प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर विभिन्न जनपदों से पहुंचे प्रतिभागियों का वजन (वेट-इन) संपन्न हुआ।
खिलाड़ी क्योरगी (फाइट) और पूमसे (फॉर्म) की विभिन्न श्रेणियों में कुल 194 स्वर्ण, 194 रजत और 388 कांस्य पदकों के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। क्योरगी में बालक एवं बालिका वर्ग के तहत सब जूनियर (14-14 भार वर्ग), कैडेट (10-10 भार वर्ग), जूनियर (10-10 भार वर्ग) और सीनियर (8-8 भार वर्ग) में मुकाबले खेले जाएंगे। पूमसे में कुल 65 स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
इस बार चैंपियनशिप का मुख्य आकर्षण ‘वर्चुअल ताइक्वांडो’ होगा, जिसे पहली बार शामिल किया गया है। इसमें खिलाड़ी बिना किसी शारीरिक संपर्क के वीआर हेडसेट और मोशन सेंसर्स की मदद से प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसके तहत क्योरगी के दो भार वर्गों में पदक स्पर्धाएं होंगी, हालांकि इनके पदक आधिकारिक पदक तालिका में नहीं जोड़े जाएंगे।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ और सचिव राजकुमार ने बताया कि इस राज्यस्तरीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

