अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा घोटाले की जांच तेज: ग्राउंड जीरो पर पहुंची एसआईटी, 7 दिन में देगी पहली रिपोर्ट

Anoop

June 15, 2026

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय अस्वस्थ, वरिष्ठ सदस्य अनिल मिश्रा इलाज के लिए केरल रवाना

श्रद्धालुओं में भारी गुस्सा, बोले– ‘सनातन धर्म की आस्था से खिलवाड़ करने वाले चोरों को मिले कड़ी से कड़ी सजा’

अयोध्याकरोड़ों राम भक्तों की आस्था के केंद्र प्रभु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की दान पेटिका (चढ़ावे) में हुई कथित हेराफेरी और गबन के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस बड़े घोटाले की तह तक जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बनाई गई तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) सोमवार दोपहर करीब 2 बजकर 53 मिनट पर सीधे अयोध्या पहुंच गई। टीम ने बिना वक्त गंवाए मामले से जुड़े सभी अहम दस्तावेजों, बैंक खातों और वित्तीय कागजातों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सीएम योगी का कड़ा रुख: 15 दिन में चाहिए पूरी रिपोर्ट

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत एक्शन लेते हुए इस एसआईटी का गठन किया था। चूंकि रविवार को छुट्टी थी, इसलिए टीम सोमवार दोपहर को ही अयोध्या पहुंच गई।

उत्तर प्रदेश शासन ने जांच टीम को कड़े निर्देश दिए हैं कि 7 दिनों के भीतर मामले की शुरुआती (प्रारंभिक) आंतरिक रिपोर्ट सरकार को सौंपनी होगी। 15 दिनों के भीतर पूरी जांच मुकम्मल करके एक विस्तृत (डिटेल्ड) रिपोर्ट टेबल पर रखनी होगी।

भक्तों में उबाल, बोले– ‘जांच रिपोर्ट को जनता के सामने लाओ’

राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे में हेराफेरी की खबर जैसे ही बाहर आई, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और आम जनता के बीच गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। अयोध्या पहुंचे भक्तों का कहना है कि यह सिर्फ पैसों की चोरी नहीं, बल्कि हमारी आस्था पर चोट है। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि इस चोरी और हेराफेरी में जो कोई भी शामिल हो, उसे ऐसी कड़ी से कड़ी सजा दी जाए जो एक नजीर बने, ताकि भविष्य में कोई भी हमारे सनातन धर्म पर उंगली उठाने की हिम्मत न कर सके। साथ ही, भक्तों की मांग है कि जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए।

जांच के बीच चंपत राय बीमार, अनिल मिश्रा केरल पहुंचे

एक तरफ जहां एसआईटी की टीम जांच के लिए अयोध्या में डेरा डाल चुकी है, वहीं दूसरी तरफ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बड़े चेहरों की सेहत और मौजूदगी को लेकर बड़ी खबर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय इस समय अस्वस्थ हैं; उन्हें जुकाम के साथ-साथ शुगर बढ़ने की शिकायत है, जिसके चलते वह आराम कर रहे हैं। वहीं, ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य अनिल मिश्रा अपनी आंखों की जांच और मेडिकल कंसल्टेशन के लिए केरल गए हुए हैं।

करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस बेहद संवेदनशील मामले पर अब हर किसी की निगाहें टिकी हुई हैं कि एसआईटी की जांच में क्या सच सामने आता है और कौन से बड़े चेहरे बेनकाब होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *