सीएम योगी ने सोमवार को रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी ने किया सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और क्रिएटर्स से संवाद
तीन दिवसीय ‘डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग’ (डी-3) ‘त्रिवेणी’ (सुशासन, संस्कृति, समृद्धि) कार्यक्रम में देश भर से आए अतिथि
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सोमवार को रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग’ (डी-3) ‘त्रिवेणी’ (सुशासन, संस्कृति, समृद्धि) कार्यक्रम में देश भर से आए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और क्रिएटर्स से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों के हित में किए गए कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी केवल सरकार का विजन नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी और एक जन-आन्दोलन है। वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश इस ऐतिहासिक लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा।
मुख्यमंत्री ने बदलते उत्तर प्रदेश के आर्थिक आंकड़े साझा करते हुए बताया कि विगत 09 वर्षों में प्रदेश की जीडीपी 12 लाख करोड़ रुपये से तीन गुना बढ़कर मार्च 2026 तक 36 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय भी 43,000 रुपये से बढ़कर 1 लाख 29 हजार रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026-27 तक राज्य की अर्थव्यवस्था 50 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच जाएगी।
उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कृषि क्रांति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि विकास दर 8 फीसदी से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है। गन्ना किसानों को डीबीटी के माध्यम से 3 लाख 22 हजार करोड़ रुपये भेजे गए हैं। प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई यूनिट्स को पुनर्जीवित कर 3 करोड़ से अधिक युवाओं को जोड़ा गया है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) योजना से राज्य का निर्यात आज 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। उत्तर प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए लगभग 35 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने टेक होम राशन प्लांट का संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपा है। वर्तमान में 204 प्लांट संचालित हैं। झाँसी की ‘बालिनी मिल्क Producer कम्पनी’ से 62,000 महिलाएँ जुड़ी हैं, जिसका नेट प्रॉफिट 115 करोड़ रुपये है। इसी तर्ज पर आगरा, वाराणसी और गोरखपुर में भी नई दुग्ध कम्पनियां स्थापित की गई हैं। इन प्रयासों से प्रदेश में विमेन वर्कफोर्स 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत हो गया है। साथ ही, विगत 09 वर्षों में 09 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभूर्व प्रगति की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। आज ही भारत के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट का संचालन शुरू हुआ है, जहां भूमि देने वाले किसानों को पहली फ्लाइट से लखनऊ लाकर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश में अब 83 मेडिकल कॉलेज हैं और राज्य की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से बदलकर ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की बन चुकी है। आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अयोध्या ग्लोबल हब और देश की पहली सोलर सिटी के रूप में उभरी है। मुख्यमंत्री ने इन्फ्लुएंसर्स से उत्तर प्रदेश की इन गौरवशाली विकास गाथाओं को सकारात्मक रूप से देश-दुनिया तक पहुँचाने का आह्वान किया।

