नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट लेकर लखनऊ पहुंचे किसान; बोले– योगी जी ने हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया
मुआवजा ही नहीं, विकास में हिस्सेदार भी बनाया; बिना किसी भेदभाव के सीएम योगी ने पूरा किया अपना हर वादा
लखनऊ/जेवर। “सोचा नहीं था कि जिस जमीन पर बरसों तक पसीना बहाकर फसल उगाई, एक दिन उसी जमीन से आसमान की तरफ उड़ान भरेंगे और सीधे राजधानी (लखनऊ) पहुंच जाएंगे।” यह भावुक कर देने वाले शब्द जेवर के उन किसानों के हैं, जिनकी जमीन पर देश का सबसे बड़ा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ है। सोमवार का दिन इन किसानों के लिए सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि जिंदगी का सबसे यादगार और ऐतिहासिक पल बन गया, जब वे इस शानदार एयरपोर्ट की पहली ही फ्लाइट में सवार होकर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उतरे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए इन किसानों के चेहरों पर जो चमक, गर्व और आंखों में जो खुशी के आंसू थे, वे बयां कर रहे थे कि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने उनसे किया हर वादा निभा दिया है।
‘आसमान से देखी अपनी जमीन, शब्दों में बयां नहीं कर सकते यह अहसास’
पहली बार हवाई सफर का आनंद लेने वाली जेवर की पूनम इस पल को जिंदगी का सबसे सुखद पल मानती हैं। उन्होंने बताया, “एयरपोर्ट के लिए हमारी जमीन ली गई थी। आज जब पहली बार हवाई जहाज में बैठने का मौका मिला, तो लगा कि सरकार ने सच में हमारा मान बढ़ाया है। मैं तो खासतौर पर मुख्यमंत्री योगी जी से मिलकर उनका शुक्रिया अदा करने आई हूं।”
वहीं, सुमन और मीनू नाम की महिला किसानों का उत्साह भी देखने लायक था। मीनू ने भावुक होते हुए कहा, “जब जहाज ऊपर उड़ा और मैंने खिड़की से नीचे देखा, तो वो मेरी अपनी जमीन थी जिसे मैंने पहली बार आसमान से देखा। यह एक ऐसा अहसास है जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती।”
‘योगी जी के राज में हवाई चप्पल वाले भी भर रहे उड़ान’
किसान धर्मवीर शर्मा और हाजी जफर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का वो सपना कि ‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में चले’, आज उत्तर प्रदेश में पूरी तरह सच साबित हो रहा है।
हाजी जफर ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया, “जब एयरपोर्ट के लिए जमीन ली जा रही थी, तब अधिकारी और नेता घर-घर आए, हमसे बैठकर बात की और हमारी मर्जी से जमीन ली गई। आज हमें गर्व है कि हम इस विकास का हिस्सा हैं। योगी जी आज मुस्लिम समाज में भी बहुत लोकप्रिय हैं, क्योंकि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के हर योजना का लाभ हम तक पहुंचाया है और सबको सुरक्षा दी है।”
‘कई सरकारें देखीं, लेकिन किसानों का ऐसा सम्मान कभी नहीं देखा’
उड़ान का हिस्सा रहे बुजुर्ग किसान जयवीर और जयकरन सिंह ने पुरानी सरकारों को याद करते हुए कहा, “हमने अपनी जिंदगी में बहुत से उतार-चढ़ाव और कई सरकारें देखी हैं, लेकिन विकास की ऐसी तेज रफ्तार और किसानों को मिलने वाला ऐसा सम्मान पहले कभी नहीं देखा। सरकार ने हमें सिर्फ जमीन का मुआवजा देकर छोड़ नहीं दिया, बल्कि आज इस पहली उड़ान में बैठाकर हमें अपनी तरक्की का साझीदार बनाया है।”
किसान इकबाल कल्लू और हिरा रशीद भी इस यात्रा से बेहद गदगद दिखे। उनका कहना था कि इस एयरपोर्ट के बनने से न सिर्फ उनका सपना पूरा हुआ है, बल्कि उनके इलाके की आने वाली पीढ़ियों के लिए तरक्की और रोजगार के नए रास्ते भी खुल गए हैं।

