फिटनेस ड्राइव में जुम्बा, योग और साइकिल रैली का शानदार दिखा संगम
100 खेलो इंडिया सेंटर्स से लगभग 300 अतिरिक्त प्रतिभागियों ने वर्चुअली
लखनऊ। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, लखनऊ की ओर से नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (एनएसआरसी) में “संडे ऑन साइकिल” एक ऊर्जावान फिटनेस ड्राइव का सफल आयोजन हुआ। “उन्नत भारत अभियान” थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और खेल उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देना था ।
कार्यक्रम की शुरुआत एक बेहद जोशीले जुम्बा सेशन के साथ हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने योग का अभ्यास किया । इसके उपरांत एक उत्साहपूर्ण साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया ।
इस फिटनेस ड्राइव में क्षेत्रीय स्तर पर बड़ी भागीदारी देखने को मिली। परिसर में 50 से अधिक प्रतिभागी मौजूद रहे । उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में फैले 100 खेलो इंडिया सेंटर्स से लगभग 300 अतिरिक्त प्रतिभागियों ने वर्चुअली इस अभियान में भाग लिया ।
इस विशेष अवसर पर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीयू), लखनऊ की ‘उन्नत भारत अभियान’ टीम के चेयरपर्सन असिस्टेंट प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा और फिजिकल एजुकेशन के असिस्टेंट डायरेक्टर एवं सदस्य डॉ. मनोज कुमार ढड़वाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे । साई एनएसआरसी के अधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से कैंपस के भीतर 6 किमी आयोजित साइकिल राइड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
मुख्य अतिथियों और साई नेतृत्व ने सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा भारत के जमीनी स्तर (ग्रासरूट) के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने वाली इस पहल की जमकर सराहना की । क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्मा प्रकाश, डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, और सहायक निदेशक द्वय मनीष कुमार व प्रवीण कुमार सी.एम. ने इस कार्यक्रम के शानदार और समर्पित कार्यान्वयन के लिए पूरी आयोजन टीम की पीठ थपथपाई ।

उत्साह के साथ समापन
कार्यक्रम में शामिल हुए सभी प्रतिभागियों और अतिथियों को टी-शर्ट एवं रिफ्रेशमेंट्स वितरित किए गए । इस सफल आयोजन ने न केवल एथलीटों, कर्मचारियों और आम जनता को अनुशासन, समर्पण और टीमवर्क का संदेश दिया, बल्कि भविष्य के आयोजनों के प्रति एक नया जन-उत्साह भी जगाया है ।
