सीतापुर में प्रेमी युगल की संदिग्ध हालात में मौत, एक ही चौखट से उठी अर्थियां

Anoop

November 14, 2026

प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका; घर के बाहर छप्पर के नीचे अलग-अलग फंदों से लटके मिले युवक-युवती के शव

 एक दिन बाद होनी थी विवाहिता की विदाई; परिजनों ने प्रेम संबंधों से किया इंकार, पुलिस जांच में जुटी

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलोरा गांव में शनिवार सुबह एक युवक और विवाहिता के शव उनके घर के बाहर बने छप्पर के नीचे अलग-अलग फंदों से संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर सीओ बिसवां हर्षित चौहान और थाना प्रभारी हनुमंत तिवारी पुलिस बल तथा फोरेंसिक टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और गहन छानबीन करते हुए परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या का मामला मान रही है, जबकि मृतका के परिजनों ने प्रेम संबंधों की बात से पूरी तरह इनकार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी 22 वर्षीय दिलीप खेती-बाड़ी का कार्य करता था, जिसका शव शनिवार की सुबह उसके घर के निकट ही बने छप्पर के पीछे रस्सी के फंदे से लटकता मिला और उसके पैर जमीन से सटे हुए थे। वहीं, उससे कुछ ही दूरी पर दिलीप के घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर रहने वाली 20 वर्षीय रुचि का शव भी फंदे से झूलता पाया गया। सुबह जब ग्रामीण अपने दैनिक कामकाज के लिए निकले तो इस भयानक दृश्य को देखकर उनकी चीख निकल पड़ी, जिसके कुछ ही देर में दोनों मृतकों के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर आ पहुंचे।

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतका रुचि की शादी इसी वर्ष 24 जून को सदरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ीपुरवा गांव निवासी पंकज कुमार के साथ संपन्न हुई थी। पति पंकज के अनुसार बीते नवरात्र के दौरान रुचि का गौना हुआ था जिसके बाद वह अपनी ससुराल गई थी, लेकिन 24 अक्तूबर को मायके पक्ष के लोग उसे वापस अपने घर ले आए थे। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर को पंकज अपनी पत्नी को विदा कराकर वापस ले जाने वाला था, लेकिन ठीक एक दिन पहले इस हृदयविदारक घटना ने सब कुछ उजाड़ दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी ओर मृतका के भाई मुकेश का कहना है कि यदि दोनों के बीच कोई प्रेम संबंध होता तो परिवार के सदस्यों को इसकी भनक जरूर होती। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने के बाद ही मौत के असली कारणों के स्पष्ट खुलासे की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *