खीर में दी नशीली गोलियां, फिर तकिये से घोंटा दम; शातिर पत्नी ने रची थी मर्डर की ऐसी कहानी कि पुलिस भी चकरा जाए
मर्चेंट नेवी का फर्जी जवान निकला कातिल प्रेमी, हत्या के बाद लाश के पास से ही ले उड़ा ढाई लाख रुपये
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव से एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न सिर्फ अपने पति को रास्ते से हटा दिया, बल्कि उसकी मौत को एक एक्सीडेंट दिखाने की पूरी स्क्रिप्ट भी लिख डाली। लेकिन कहते हैं न कि ‘कानून के हाथ लंबे होते हैं और मुजरिम कितनी भी चालाकी कर ले, कोई न कोई सुराग छोड़ ही जाता है।’ इस मामले में भी एक तीसरी आंख (सीसीटीवी कैमरे) ने कलयुगी पत्नी की पूरी प्लानिंग पर पानी फेर दिया।
नौरोजपुर गुर्जर गांव का रहने वाला 33 वर्षीय सचिन एक मेहनती किसान था। उसके पास अपनी करीब 9 बीघा जमीन थी, जिसकी कीमत करोड़ों में है। इसके अलावा वह करीब 60 बीघा जमीन पट्टे (उगाही) पर लेकर खेती करता था। लेकिन उसकी पत्नी रचना के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। वह सचिन को रास्ते से हटाकर उसकी करोड़ों की जमीन बेचना चाहती थी, ताकि वह अपने प्रेमी सोनू (निवासी रंछाड़) के साथ ऐश-ओ-आराम की जिंदगी जी सके। वह बच्चों को भी अपने साथ ही रखने वाली थी।
शुक्रवार की रात रचना ने अपनी इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। उसने पहले प्यार से सचिन के लिए खीर बनाई, लेकिन उस खीर में नशीली गोलियां मिला दीं। खीर खाते ही सचिन गहरी नींद में सो गया। इसके बाद रचना ने फोन करके अपने प्रेमी सोनू को घर बुला लिया।
‘मैंने पकड़े पैर, सोनू ने दबाया मुंह‘
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद रचना ने जो कहानी सुनाई, उसे सुनकर पुलिस वालों के भी रोंगटे खड़े हो गए। रचना ने बताया, “जब सचिन पूरी तरह बेहोश हो गया, तो सोनू घर आ गया। मैंने सचिन के दोनों पैर मजबूती से पकड़ लिए ताकि वह तड़प न सके, और सोनू ने तकिये से उसका मुंह और नाक दबाकर उसका गला घोंट दिया।” हद तो यह है कि पति की हत्या करने के बाद शातिर प्रेमी सोनू, रचना से ढाई लाख रुपये भी ऐंठकर रफूचक्कर हो गया।
लाश को देखकर गढ़ी ‘कीटनाशक‘ वाली झूठी कहानी
वारदात को अंजाम देने के बाद शनिवार सुबह रचना ने एक नई कहानी बुनी। उसने सचिन के भाई नवीन को फोन कर रोते हुए कहा कि सचिन की तबीयत बहुत खराब है। उसने सबको बताया कि सचिन खेत में कीटनाशक (दवाई) का छिड़काव कर रहा था, जिससे वह बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन में सचिन को अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गले के निशान और सीसीटीवी ने खोल दी पोल
रचना को लगा था कि वह बच निकली है, लेकिन शनिवार सुबह जब परिजनों ने सचिन के गले पर अजीब से निशान देखे, तो उन्हें शक हो गया। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया।
मौके पर पहुँची बागपत पुलिस ने जब घर के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। फुटेज में साफ दिखा कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक संदिग्ध युवक (सोनू) दबे पांव सचिन के घर में घुसता है और सुबह तड़के 3 बजकर 28 मिनट पर बाहर निकलता है।
सख्ती हुई तो टूट गई कलयुगी पत्नी
पुलिस ने जब रचना को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह काफी देर तक अपनी ‘कीटनाशक’ वाली कहानी पर अड़ी रही। लेकिन जैसे ही पुलिस ने उसके सामने सीसीटीवी फुटेज रखी और थोड़ी सख्ती दिखाई, वह फूट-पूट कर रो पड़ी और अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने रचना की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया तकिया बरामद कर लिया है।
मर्चेंट नेवी का ‘फर्जी जवान‘ निकला प्रेमी सोनू
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्यारोपी सोनू कोई सीधा-साधा लड़का नहीं, बल्कि एक शातिर ठग है। वह सोशल मीडिया पर मर्चेंट नेवी की वर्दी पहनकर अपनी फोटो डालता था और खुद को अफसर बताता था। इसी फर्जी प्रोफाइल के जरिए वह महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था, उनसे पैसे ठगता था और फिर उन्हें ब्लॉक कर देता था। इसी तरह उसने रचना को भी अपने प्यार के जाल में फंसाया और उसे अपने ही पति का कातिल बना दिया। वारदात के बाद से सोनू अपना मोबाइल बंद करके फरार है।
अधिकारियों का क्या कहना है कि बागपत की सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि आरोपी पत्नी रचना को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी सोनू अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें कई जगह दबिश दे रही हैं। उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

