77वें गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर दी शुभकामनाएं

Prashant

January 27, 2026

जिलाधिकारी विशाख जी. द्वारा प्रातःकाल निर्धारित समय पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी

जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं, राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाने का आह्वान किया

लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर राजधानी लखनऊ में हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। इस पावन अवसर पर जिलाधिकारी श्री विशाख जी. द्वारा प्रातःकाल निर्धारित समय पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।

जिलाधिकारी द्वारा ध्वजारोहण का कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ। पहले जिलाधिकारी के शिविर कार्यालय पर गरिमामय उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया।  इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जहाँ जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

समारोह के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर नगर मजिस्ट्रेट (द्वितीय), अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) सहित जनपद के समस्त वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय गणतंत्र के संकल्पों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई।

ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि “आज हम अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। यह दिन हमारे देश के लिए अत्यंत गर्व और स्वाभिमान का प्रतीक है। हम सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आज यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने संविधान का पूर्ण रूपेण पालन करेंगे और उसकी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।”

जिलाधिकारी ने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के नारों से गुंजायमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *