उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बसपा सुप्रीमो मायावती का मंदिर बनाने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही है
भ्रष्टाचार विरोधी सेना के अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने खैर तहसील में अपनी निजी जमीन पर मंदिर निर्माण की अनुमति के लिए मायावती को पत्र भेजा है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का मंदिर बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने 22 अगस्त को बसपा सुप्रीमो मायावती को एक पत्र भेजकर मंदिर निर्माण और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति मांगी है। अनुमति मिलते ही भूमि पूजन का कार्य शुरू किया जाएगा।
पंडित केशव देव गौतम के अनुसार, वह तहसील खैर के मोहल्ला खेरे स्थित अपनी निजी भूमि पर स्वयं के खर्च से इस मंदिर का निर्माण करवाएंगे, जिसमें शासन या प्रशासन से कोई आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थल किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा नहीं होगा, बल्कि एक प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा जहां मायावती की प्रतिमा के साथ उनके विचारों को भी स्थान मिलेगा। पत्र का जवाब आते ही निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

