लखनऊ डबल मर्डर व सुसाइड केस: 30 मिनट में तीन जिंदगियों का खौफनाक अंत

Anoop

August 21, 2026

लखनऊ में दिनदहाड़े बैंककर्मी पत्नी की नृशंस हत्या के बाद पति ने बहन को गोली मारकर खुदकुशी कर ली

सुनियोजित तरीके से बैग में दो पिस्तौल लेकर आए आरोपी ने मिसफायर होने पर दूसरे असलहे से वारदात को अंजाम दिया

लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में बृहस्पतिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ऑडिट विभाग में कार्यरत मानस बाजपेयी ने मिठाई वाला चौराहा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (रिलेशनशिप मैनेजर) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हुसड़िया स्थित अपने घर पहुंचकर मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन तूलिका की हत्या की और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पूरी वारदात महज 30 मिनट के भीतर अंजाम दी गई।

सुनियोजित तरीके से किया हमला पुलिस जांच और एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट के अनुसार, मानस बैग में दो असलहे लेकर दोपहर करीब 12 बजे ऑटो से बैंक पहुंचा था। जब दिव्या अपने सहयोगी के साथ कार से उतरकर बैंक की ओर बढ़ने लगीं, तो मानस ने उनके बाल पकड़कर कार के बोनट और सर्विस रोड की पुलिया पर दे मारे। मदद के लिए आगे आए सहकर्मियों पर मानस ने पिस्तौल तानकर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। पहला असलहा मिसफायर होने पर उसने बैग से दूसरा असलहा निकालकर दिव्या के सिर से सटाकर गोली चला दी।

पारिवारिक विवाद और कोर्ट केस मानस और दिव्या का 2017 में प्रेम विवाह हुआ था, लेकिन बीते दो वर्षों से विवाद के कारण दिव्या अपने मायके आलमबाग में रह रही थीं। जनवरी में पारिवारिक न्यायालय में तलाक, स्त्री धन और ₹1 करोड़ हर्जाने की अर्जी दाखिल की गई थी। मार्च में मानस ने भी साथ रहने के लिए याचिका दी थी। दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा के मुताबिक, मानस की मानसिक अस्थिरता के कारण दिव्या उससे अलग रह रही थीं।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात मानस ने अपनी बहन की देखरेख के लिए घर के बेडरूम में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। पुलिस ने कमरे से डीवीआर कब्जे में ले लिया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो चुकी है। हत्या के बाद मानस ने व्हाट्सएप स्टेटस लगाया था— आज मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है”, जिसे देखकर रिश्तेदारों को घटना का पता चला। जब परिजन हुसड़िया स्थित घर पहुंचे, तो कमरे में मानस और उसकी बहन के शव पड़े मिले। मौके से पुलिस को दो पिस्तौल और एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा की देखरेख में मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *