सेहरे के ऊपर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहनकर दूल्हे ने रचाई शादी; विवाह समारोह को बनाया सामाजिक न्याय की लड़ाई का संदेश

Anoop

November 21, 2026

68500 शिक्षक भर्ती के संघर्षरत अभ्यर्थी अखिल कुमार ने सेहरे पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी लगाकर किया विवाह

 बारात में शामिल साथियों ने भी पहन रखी थी ऐसी ही टोपी, नारेबाजी कर उठाई अधिकारों की मांग

प्रतापगढ़: शादी का दिन किसी भी युवा के जीवन का सबसे यादगार अवसर माना जाता है, जब दूल्हा नई जिंदगी की शुरुआत के साथ सेहरा बांधकर विवाह मंडप तक पहुंचता है, लेकिन प्रतापगढ़ जिले के एक अभ्यर्थी ने अपनी शादी को सामाजिक न्याय के संघर्ष का संदेश देने का माध्यम बना दिया। 68500 शिक्षक भर्ती-2018 में नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत अखिल कुमार ने अपने सेहरे के ऊपर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहनकर विवाह किया।

नियुक्ति की उम्मीद और न्याय की लड़ाई के बीच विवाह की तिथि तय होने के बावजूद अखिल ने अपने संघर्ष को पीछे नहीं छोड़ा, जिससे पारंपरिक परिधान के बीच यह टोपी उनके आंदोलन की आवाज बन गई। इस अवसर पर भर्ती प्रकरण से जुड़े उनके आंदोलनकारी साथी भी ऐसी ही टोपी पहनकर बारात में शामिल हुए और नारेबाजी कर अपनी मांगों को बुलंद किया। विवाह समारोह में विरोध प्रदर्शन का यह अनोखा दृश्य देखकर उपस्थित लोग आश्चर्यचकित रह गए और इसे युवाओं की जागरूकता तथा अधिकारों के प्रति समर्पण बताया।

अखिल कुमार ने इस आयोजन के माध्यम से संदेश दिया कि रोजगार और सामाजिक न्याय की लड़ाई उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट लागू करने तथा आरक्षण नियमों के तहत ओबीसी अभ्यर्थियों को उनका उचित अधिकार देने की मांग कर रहे हैं, और यह विवाह समारोह संघर्ष व अधिकारों के प्रति जागरूकता का अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *