सीतापुर में जुए के विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या
हत्या के बाद गांव में तनाव; एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के छेतौना गांव में जुआ खेलने के दौरान शराब के नशे में हुए विवाद में एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 42 वर्षीय गया प्रसाद (पुत्र सरजू) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, गया प्रसाद, रामू राठौर और कुछ अन्य लोग गांव में जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान गया प्रसाद पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मारपीट में शामिल लोगों तथा घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

