2027 के चुनाव से पहले अयोध्या में सियासी हलचल: सपरिवार रामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे अखिलेश यादव, साधु-संतों से भी करेंगे मुलाकात

Anoop

November 10, 2026

2027 के चुनाव से पहले रामनगरी में राजनीतिक हलचल तेज़

सपरिवार रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे अखिलेश यादव

अयोध्या। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच रामनगरी अयोध्या एक बार फिर राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे। राम मंदिर निर्माण के बाद अखिलेश यादव का यह पहला प्रस्तावित धार्मिक दौरा है, जिसे आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सपा के पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन के अनुसार, अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ एक धार्मिक यात्रा पर आ रहे हैं। इस दौरान वे हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन और राम मंदिर में श्रीरामलला का पूजन करेंगे। इसके साथ ही उनका अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम तय किया गया है।

इससे पहले, 8 अक्तूबर को पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने आए अखिलेश यादव के राम मंदिर और हनुमानगढ़ी न जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के सवाल उठे थे। उस दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी इस मुद्दे पर सपा अध्यक्ष को आड़े हाथों लिया था। ऐसे में इस बार दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के प्रस्तावित कार्यक्रम को सपा की संतुलित राजनीतिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इससे पूर्व अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान 26 फरवरी को हनुमानगढ़ी में दर्शन करने पहुंचे थे।

राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, यद्यपि इस यात्रा को फिलहाल पूरी तरह से एक व्यक्तिगत व धार्मिक यात्रा बताया जा रहा है, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिलेश यादव का रामलला के दरबार में हाजिरी लगाना और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करना प्रदेश के सियासी समीकरणों को साधने की एक बड़ी कवायद माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *