शाहजहांपुर: पेड़ से लटके मिले दो बहनों के शव, 16 फीट ऊंचाई को लेकर रहस्य बरकरार
व्हाट्सएप चैट खंगालने में जुटी पुलिस, गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के हरैया गांव में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां दिवाली की अगली सुबह टहलने की बात कहकर घर से निकलीं दो ममेरी-फुफेरी बहनों (15 और 17 वर्ष) के शव आबादी से दूर जामुन के पेड़ पर एक ही डाल से उनके दुपट्टों के फंदे से लटके मिले। पेड़ की ऊंचाई करीब 16 फीट होने और वहां चढ़ने या संघर्ष के कोई निशान न मिलने के कारण दोनों किशोरियों के इतनी ऊपर तक पहुंचने का रहस्य अभी भी बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी सुबह अपने घर से निकली और करीब दो सौ मीटर की दूरी पर रहने वाली अपनी 15 वर्षीय सहेली व मुंहबोली ममेरी बहन के घर पहुंची। इसके बाद दोनों गांव से बाहर खड़ंजे और पक्की सड़क होते हुए शिव कुमार के खेत में पहुंचे, जहां जामुन के पेड़ पर यह दर्दनाक घटना हुई। सुबह करीब साढ़े छह बजे जब ग्रामीण सैर करने निकले, तो उन्होंने दोनों शवों को लटके देखा, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पेड़ की जड़ के पास सलीके से रखी दोनों की चप्पलों को अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, हालांकि पेड़ पर चढ़ने के स्पष्ट निशान न मिलने से गुत्थी उलझ गई है। पुलिस ने दोनों किशोरियों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं, जिन पर लॉक लगा हुआ था। व्हाट्सएप चैट और सोशल मीडिया खातों की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। एहतियातन और त्वरित कार्रवाई के तहत पुलिस की मौजूदगी में शाम को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

