उपराष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री ने राम की पैड़ी पर प्रज्वलित किए दीप, दीपोत्सव में बना नया कीर्तिमान
उत्तर प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और नए भारत के सामर्थ्य का प्रतीक बना दीपोत्सव: योगी आदित्यनाथ
लखनऊ/अयोध्या। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के पावन अवसर पर राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलित कर विधिवत मंत्रोच्चार के साथ सरयू जी की आरती एवं पूजन किया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, रामायण आधारित भव्य लेजर-शो, 2,100 से अधिक स्वदेशी ड्रोन का भव्य शो और म्यूजिकल आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसने समूचे अयोध्या धाम को अलौकिक रूप से रोशन कर दिया।
उपराष्ट्रपति ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनगिनत रामभक्तों के त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप ही आज हम प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का साकार रूप देख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत अत्यधिक गरीबी के दलदल से बाहर निकल चुका है और देश के करोड़ों लोगों को पक्के आवास व शुद्ध पेयजल की सुविधा मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ और ‘उप्र सेवायोजन पोर्टल’ के माध्यम से महिलाओं और युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी बन गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि दीपोत्सव केवल दीप प्रज्वलन का उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और नए भारत की सामर्थ्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ यह आयोजन आज 10वें दीपोत्सव तक पहुँचते हुए नए आयाम स्थापित कर रहा है। अयोध्या आज स्मार्ट और सोलर सिटी के रूप में त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत कर रही है। वर्तमान सरकार की नीतियों और जनसहभागिता के चलते उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच चुकी है, और राज्य अपने लक्ष्य से पूर्व 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क में विभिन्न देशों और राज्यों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत श्रीरामलीला का अवलोकन भी किया।

