सिपाही भर्ती: पहली पाली की परीक्षा संपन्न, अभ्यर्थियों ने साझा किए अनुभव, 28 लाख अभ्यर्थी हो रहे शामिल

Prashant

June 8, 2026

यूपी में तीन दिन तक चलने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, पहली पाली की परीक्षा हुई  

परीक्षार्थियों की रही भीड़, परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन शुरू हो गया है। सोमवार से बुधवार तक यह लिखित परीक्षा रोजाना दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने इन्हें डाउनलोड किया है।

भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी नोडल अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित और सही प्रश्न पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। रविवार शाम से ही सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। सोमवार को परीक्षा के पहले दिन बेहद कड़ी चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के आधार कार्ड का सत्यापन, ई-केवाईसी (e-KYC) और आइरिस (आंखों की) जांच की गई। इसके अलावा, स्थानीय पुलिस और एसटीएफ (STF) संदिग्धों पर लगातार नजर रख रही है। अभ्यर्थियों को जूते के बजाय चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। लखनऊ में पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी विशाख जी0 एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया गया निरीक्षण।

28.65 लाख अभ्यर्थियों ने किया है आवेदन

परीक्षा केंद्रों के आसपास के इलाकों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बोर्ड के अपर सचिव (भर्ती) सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने जानकारी दी कि तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा की प्रत्येक पाली में लगभग 4.90 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस भर्ती के लिए कुल 28.65 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिसके लिए पूरे प्रदेश में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ भी तैयार किए गए हैं।

महिला अभ्यर्थियों के लिए मंडल स्तर पर केंद्र

महिला अभ्यर्थियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए भर्ती बोर्ड ने उनके परीक्षा केंद्र उनके गृह जनपद वाले मंडल (डिविजन) के जिलों में ही आवंटित किए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बोर्ड ने यह स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान कलावा, मंगलसूत्र जैसे धार्मिक प्रतीकों को पहनने पर कोई पाबंदी नहीं होगी, लेकिन प्रत्येक अभ्यर्थी को हाईटेक उपकरणों की गहन जांच के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा।

चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर हेल्पडेस्क व अतिरिक्त जवान तैनात

उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में उमड़ने वाली परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए चारबाग, लखनऊ जंक्शन सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। रेलवे, आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां जोड़ने की भी तैयारी है। स्टेशनों पर पुलिस हेल्पडेस्क और अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी के साथ-साथ पीएसी (PAC) के जवान भी मुस्तैद हैं।

जीआरपी ने बनाई हेल्पडेस्क

चारबाग और लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी द्वारा हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। चारबाग जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार, इस हेल्पडेस्क के माध्यम से अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों और वाहनों की सही जानकारी दी जा रही है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी बिना किसी झिझक के जीआरपी की मदद ले सकते हैं।

आरपीएफ इंचार्ज भूपेंद्र सिंह डागर ने बताया कि प्लेटफार्मों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। टिकट काउंटरों पर भीड़ न हो, इसके लिए अतिरिक्त काउंटर चालू किए गए हैं। स्टेशनों पर चौबीसों घंटे एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। टेम्पो और ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि वे अभ्यर्थियों से केवल निर्धारित किराया ही लें; मनमानी वसूली की शिकायत मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बस किराये में मिलेगी 50 फीसदी की छूट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में यात्रा के दौरान किराये में 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को एक पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर रोडवेज बसों में इस आधी छूट का लाभ उठा सकते हैं।

रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बसें, यात्री सुरक्षा पर फोकस

परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने रोडवेज के प्रबंध निदेशक पीएन सिंह को निर्देश दिए हैं कि सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। परीक्षा के लिए मंडल और जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं जो स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ तालमेल बिठाएंगे।

प्रमुख बस स्टेशनों पर ‘परीक्षा सहायता डेस्क’ स्थापित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों तक सीधी पहुंच के लिए बसों के अस्थायी रूट डायवर्जन और अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है। बसों की उपलब्धता और उनके संचालन की वास्तविक समय (Real-time) निगरानी जीपीएस (GPS) प्रणाली से की जा रही है। बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पीने के पानी और शौचालयों की व्यवस्था चौबीसों घंटे चालू रहेगी और सभी बसें तकनीकी रूप से सुरक्षित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *