उपन्यास और हास्य-व्यंग्य लेखन में समान दखल, पांच दशकों तक गूंजा साहित्यिक अंदाज
कान्यकुब्ज कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक रहे डॉ. वर्मा, भैंसाकुंड घाट पर नम आंखों से अंतिम विदाई
लखनऊ। कालजयी उपन्यास ‘चित्रलेखा’ के रचयिता और प्रख्यात साहित्यकार भगवती चरण वर्मा के सुपुत्र एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. धीरेंद्र वर्मा का बृहस्पतिवार सुबह निधन हो गया। करीब पांच दशकों तक हिंदी साहित्य की सेवा करने वाले डॉ. वर्मा ने अपने पिता की विराट साहित्यिक छाया से अलग उपन्यास, कहानी, नाटक और हास्य-व्यंग्य विधाओं में अपनी स्वतंत्र एवं सशक्त पहचान बनाई। लखनऊ के साहित्यिक और बौद्धिक परिवेश से उनका गहरा नाता था, जिसके चलते उनके निधन से नगर के रचनाकारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बृहस्पतिवार को राजधानी के भैंसाकुंड घाट पर नम आंखों के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र और वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चंद्रशेखर वर्मा ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई देने के लिए घाट पर साहित्य और प्रशासन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां जुटीं। इस दौरान शायर मनीष शुक्ला, सुधांशु मणि, मनोज राजन त्रिपाठी, रवि भट्ट, डॉ. बलवंत सिंह, पूर्व आईपीएस एपी माहेश्वरी, अमित हर्ष, नवल कांत सिन्हा, वर्षा वर्मा, ज्योति सिन्हा, योगेश शुक्ल ‘योगी’ और दुर्गेश शुक्ला ‘दुर्ग’ सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
27 दिसंबर 1936 को प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में जन्मे धीरेंद्र वर्मा की उच्च शिक्षा लखनऊ में संपन्न हुई। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से हिंदी, अंग्रेजी और राजनीति विज्ञान में स्नातक तथा राजनीति विज्ञान में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने कान्यकुब्ज डिग्री कॉलेज में राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक के रूप में लंबी सेवाएं दीं। अध्यापन से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे राजधानी की साहित्यिक गोष्ठियों और वैचारिक चर्चाओं में निरंतर सक्रिय बने रहे।
डॉ. धीरेंद्र वर्मा के लेखन में जीवन के विविध रंग देखने को मिलते हैं। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘किस्सा प्रीतम पांडे का’ और ‘नई दिशा’ जैसे चर्चित उपन्यासों के साथ-साथ ‘स्मृतिपथ’ का विशेष स्थान है। उनके पुत्र डॉ. चंद्रशेखर वर्मा ने स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने आकाशवाणी, दूरदर्शन और प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं के लिए अनेक नाटक, निबंध और कहानियां लिखीं। विशेष रूप से ‘हॉस्टल में वार्डन से मुठभेड़’ जैसी रचनाओं के माध्यम से उनके धारदार हास्य-व्यंग्य लेखन की भी खूब सराहना हुई।

