छठ पूजा की तैयारियों को लेकर मण्डलायुक्त ने लिया घाटों का जायजा, सुरक्षा और स्वच्छता के कड़े निर्देश

Anoop

November 13, 2026

गोमती तट और घाटों की सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता, गहरे जल वाले स्थानों पर होगी मजबूत बैरिकेडिंग

महिलाओं व बुजुर्गों के लिए बनेंगे सुगम रैम्प, आपात स्थिति से निपटने को तैनात रहेगी मेडिकल टीम

लखनऊ । आगामी छठ पूजा पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बृहस्पतिवार को राजधानी के प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कुड़िया घाट, संझिया घाट, झूलेलाल वाटिका घाट और लक्ष्मण मेला पार्क स्थित छठ पूजा घाट पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने गोमती नदी और घाटों की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को घाटों पर जमा गंदगी, काई, जलकुंभी और अन्य कचरे को तत्काल साफ कराने तथा आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। धूल-मिट्टी से बचाव के लिए नियमित जल छिड़काव कराने और मोबाइल शौचालय, पेयजल व सैनिटाइजेशन की पुख्ता व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मण्डलायुक्त ने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, पार्किंग और सुगम आवागमन के प्रबंध करने को कहा। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सहूलियत के लिए घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुरक्षित बनाने और रैम्प तैयार करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा की दृष्टि से गहरे जल वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग करने, चेतावनी संकेतक लगाने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम सक्रिय रखने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रमुख घाटों पर आवश्यक दवाओं व उपकरणों के साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। मण्डलायुक्त ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल व मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *