सपा नेता का आरोप- भाजपा के समर्थन में बना है ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’; कांग्रेस नेता इमरान मसूद बोले- सबको राजनीति करने का अधिकार
सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा नया गठबंधन, चंद्रशेखर ने 26 नवंबर को रमाबाई मैदान में रैली का किया ऐलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच नए राजनीतिक गठबंधन की घोषणा के साथ ही प्रदेश की सियासत गरमा गई है। ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के नाम से बने इस नए गठबंधन पर समाजवादी पार्टी (सपा) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने इस मोर्चे की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि ओवैसी और चंद्रशेखर का उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बेदखल करना नहीं है। शिवपाल यादव ने कहा कि यह दोनों नेता भाजपा के समर्थन में काम कर रहे हैं और इसी वजह से इस गठबंधन का ऐलान किया गया है।
वहीं, इस नए सियासी समीकरण पर कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले बने इस गठबंधन पर सधी हुई टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपने तरीके से राजनीति करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर ने अपना गठबंधन बनाया है और वे अपने हिसाब से राजनीति कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस अपने तरीके से जनता के बीच काम करेगी।
गौरतलब है कि गुरुवार को लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन की औपचारिक घोषणा की थी। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा और चंद्रशेखर आजाद इस मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों का 90 फीसदी वोट हासिल करने के बावजूद सपा भाजपा को नहीं हरा पा रही है, इसलिए यह नया गठबंधन एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा।
दूसरी ओर, चंद्रशेखर आजाद ने इस मोर्चे को उत्तर प्रदेश का तीसरा नहीं बल्कि ‘पहला मोर्चा’ करार दिया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर बहुजन समाज की अनदेखी करने, बेरोजगारी बढ़ाने और आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद ने आगामी 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में एक विशाल जनसभा आयोजित करने की भी घोषणा की है।

