शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का लखनऊ में उग्र प्रदर्शन: बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव, पुलिस से धक्का-मुक्की

Anoop

October 5, 2026

प्रशासनिक पहल: बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मंगलवार दोपहर 12 बजे वार्ता तय

गर्मी का कहर: ईको गार्डन में 1 सितंबर से जारी धरना, धूप से एक अभ्यर्थी अचेत होकर गिरा

लखनऊ: 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने सोमवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने आरक्षण विसंगतियों को दूर करने, संशोधित चयन सूची जारी कर नियुक्ति देने और सीटी बजाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया गया।

अभ्यर्थियों का तर्क है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने ओबीसी दिव्यांग अभ्यर्थियों के परिणाम में 40 प्रतिशत (150 में से 60 अंक) के आधार पर संशोधन कर नियुक्ति देने का स्पष्ट आदेश दिया है, साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही है। इसी आदेश को लागू करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए और न्याय की गुहार लगाने लगे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह के अनुसार, पुलिस-प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार दोपहर 12 बजे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल की बेसिक शिक्षा मंत्री से वार्ता तय हुई है, जिसके बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।

ईको गार्डन में पिछले 1 सितंबर से लगातार धरना दे रहे अभ्यर्थियों में से आजमगढ़ के सच्चिदानंद नाम के एक अभ्यर्थी कड़क धूप के कारण मंत्री आवास के गेट पर ही अचेत होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल भिजवाया। प्रदर्शन में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *