लखनऊ में 23 से 26 नवंबर तक सजेगा अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव, सीएम योगी करेंगे शुभारंभ; विदेशी कलाकार भी बिखेरेंगे जलवा

Anoop

November 19, 2026

12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार व विदेशी दल बिखेरेंगे लोक संस्कृति की छटा

70 से अधिक शिल्प स्टॉल, ‘जेवनार’ व्यंजन मेला और ‘पोथी घर’ होंगे आकर्षण

लखनऊ। लोकनायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर और भारतीय सभ्यता व संस्कृति में जनजातीय समुदाय के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से आगामी 23 से 26 नवंबर, 2026 तक गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में जनजातीय गौरव पखवाड़ा एवं अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को लोक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के रहन-सहन, लोककला, विविधता और समृद्ध विरासत से युवा पीढ़ी को परिचित कराना है। कार्यक्रम का शुभारंभ 23 नवंबर को मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ करेंगे तथा इसी दिन 1090 चौराहे से एक भव्य सांस्कृतिक समागम यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न राज्यों के 250 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

उत्सव में महाराष्ट्र, सिक्किम, ओडिशा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित 12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार पारंपरिक नृत्य, संगीत और वाद्ययंत्रों की छटा बिखेरेंगे, जबकि 25 व 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के विदेशी कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से जलवा बिखेरेंगे। आयोजन स्थल पर हस्तशिल्प व कला मेले के तहत 70 से अधिक स्टॉल, ‘जेवनार एवं देशी स्वाद’ नाम से पारंपरिक व्यंजन मेला तथा जनजातीय साहित्य के लिए ‘पोथी घर’ के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अतिरिक्त ‘धरती आबा’ नाटक का मंचन और जनजातीय समाज के विकास पर केंद्रित संगोष्ठियां भी आयोजित होंगी। प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शिल्प मेला और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम चलेंगे, जिनमें सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। पर्यटन एवं संस्कृति, समाज कल्याण व जनजाति विकास विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस महोत्सव की रूपरेखा उ.प्र. लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान के निदेशक श्री अतुल द्विवेदी ने प्रस्तुत की, जबकि प्रेस वार्ता के दौरान संस्कृति निदेशक श्री संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन व उपनिदेशक समाज कल्याण प्रियंका सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *