नवंबर-दिसंबर महीने में हैं 11 शुभ मुहूर्त, 16 दिसंबर से लगेगा खरमास
एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह 07:16 बजे से आरंभ होकर 21 नवंबर को सुबह 06:32 बजे तक
लखनऊ। पिछले चार महीनों से मांगलिक कार्यों पर लगा प्रतिबंध अब समाप्त होने जा रहा है, क्योंकि 20 नवंबर को भगवान श्री हरि विष्णु अपनी 123 दिनों की योग निद्रा से जागृत होंगे। पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह 07:16 बजे से आरंभ होकर 21 नवंबर को सुबह 06:32 बजे तक रहेगी। इसी आधार पर शुक्रवार, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी यानी देव जागरण का पर्व मनाया जाएगा और घर-घर में देव उठाने के साथ ही तुलसी-शालिग्राम विवाह के माध्यम से शुभ एवं मांगलिक कार्यों का श्रीगणेश होगा।
लखनऊ यूनिवर्सिटी के ज्योर्तिविज्ञान विभाग के डॉ. अनिल कुमार पोरवाल ने बताया कि सनातन धर्म दुनिया के प्राचीनतम धर्मों में से एक है, जिसमें विवाह को सोलह संस्कारों में सबसे महत्वपूर्ण और कल्याणकारी माना गया है। शास्त्रों के अनुसार विवाह के बिना कोई भी व्यक्ति गृहस्थाश्रम में प्रवेश नहीं कर सकता और शुभ मुहूर्त में विवाह संपन्न करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जबकि बिना मुहूर्त के विवाह करने से जीवन में कठिनाइयां आ सकती हैं। यही कारण है कि विवाह के सीजन में लोग ज्योतिषाचार्यों से परामर्श लेकर शुभ लग्न निकलवाने पर विशेष जोर देते हैं।
डॉ. अनिल पोरवाल के मुताबिक, देव जागरण के पश्चात साल के अंतिम दो महीनों के पहले पखवाड़े में विवाह के कुल 11 श्रेष्ठ मुहूर्त बन रहे हैं। इनमें नवंबर महीने की 4 प्रमुख तिथियां (21, 24, 25 और 26 नवंबर) तथा दिसंबर महीने की 7 प्रमुख तिथियां (2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर) शामिल हैं, जब चारों ओर शादी-ब्याह की धूम रहेगी। हालांकि, मांगलिक आयोजनों का यह दौर 16 दिसंबर 2026 तक ही चलेगा, क्योंकि इस दिन सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास की शुरुआत हो जाएगी। यह खरमास 15 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति के दिन सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने तक जारी रहेगा और इस दौरान सभी प्रकार के मांगलिक कार्यों पर पुनः विराम रहेगा, जिसके बाद मकर संक्रांति से लग्न मुहूर्त फिर से शुरू हो जाएंगे।
चातुर्मास समापन के साथ करें ये खास उपाय, घर में आएगी सुख-समृद्धि
विश्वभद्र पुजारी पुरोहित महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक पं श्याम सुंदर शुक्ल ने कहा कि कि लोग 20 नवंबर और वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 21 नवंबर 2026 को देवउठनी यानी प्रबोधिनी एकादशी का पावन पर्व मनाएंगे। इस दिन चार महीने के चातुर्मास की समाप्ति और भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के साथ ही तुलसी-शालिग्राम विवाह व मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, आर्थिक समृद्धि के लिए इस दिन तुलसी के पास घी का दीपक जलाकर बताशे का भोग लगाएं तथा पूजा में रखे सिक्के व कौड़ियों को तिजोरी में रखें। जीवन में सौभाग्य हेतु तुलसी को लाल चुनरी और श्री हरि को एकाक्षी नारियल अर्पित करें, जबकि परिवार में खुशहाली के लिए केले व साबुत तुलसी दल युक्त पंजीरी का भोग लगाकर प्रसाद बांटें। इसके अतिरिक्त, अच्छी आमदनी के लिए भगवान विष्णु को हल्दी का तिलक व तुलसी दल चढ़ाएं, दांपत्य जीवन की खुशहाली के लिए पति-पत्नी मिलकर दक्षिणावर्ती शंख से श्री हरि का जलाभिषेक करें और कन्या के शीघ्र विवाह हेतु हल्दी लगे पांच तुलसी दल भगवान को अर्पित करें।

