27 जनपदों में 41 कार्यक्रम आयोजित कर युवा पीढ़ी को विरासत से जोड़ने का लक्ष्य
600 विद्यार्थियों ने किया अवलोकन, 25 नवम्बर तक निःशुल्क खुली रहेगी प्रदर्शनी
लखनऊ। विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवम्बर, 2026) के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय, लखनऊ एवं बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रन्थालय में उत्तर प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशक रेनू द्विवेदी ने कुलपति को पौधा एवं स्मारक का पोर्ट्रेट भेंट कर सम्मानित किया तथा प्रदर्शनी में लगाए गए छायाचित्रों के माध्यम से प्रदेश के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों और विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण एवं अनुरक्षण कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रदर्शनी में निदेशालय द्वारा विभिन्न संरक्षित स्मारकों पर कराए जा रहे बृहद अनुरक्षण व संरक्षण कार्यों के चित्रों के साथ-साथ प्रदेश के प्रमुख संरक्षित स्मारकों और पुरास्थलों को दर्शाया गया है। इनमें फतेहपुर स्थित रसिक बिहारी लाल जी, वाराणसी का कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ का गुलिस्ताने इरम, लखीमपुर खीरी का मेंढक मंदिर, बालाबेहट किला, रसखान की समाधि तथा उत्खनित पुरास्थलों में मलहर (चंदौली) एवं राजा नल का टीला (सोनभद्र) सहित अन्य महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व पुरातात्विक स्थलों के छायाचित्र शामिल हैं।
इस मौके पर निदेशक रेनू द्विवेदी ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह 2026 के तहत उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय द्वारा प्रदेश के 27 जनपदों में कुल 41 शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना तथा विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व को जनमानस तक पहुंचाने तथा उनके संरक्षण के प्रति सामाजिक सहभागिता और संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां हमारी समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने तथा आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों में अपनी विरासत के प्रति जागरूकता व संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए सतत प्रयास किए जाने पर बल दिया।

प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर विश्वविद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थियों ने इसका अवलोकन किया और उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में इतिहास विभाग, बीबीएयू के विभागाध्यक्ष प्रो. विक्टर बाबू, प्रो. राजेश गौतम, प्रो. शूरदारा पुरी, प्रो. रवि कुमार, प्रो. आनंद सिंह, डॉ. रेनू पाण्डेय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी तथा उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय के उत्खनन एवं अन्वेषण से जुड़े राम विनय, सहायक पुरातत्व अधिकारी राहुल बरैया, बलिहारी सेठ, हिमांशु, अभिषेक एवं प्रमोद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यह छायाचित्र प्रदर्शनी 19 से 25 नवम्बर, 2026 तक गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रन्थालय, बीबीएयू में विश्वविद्यालय के निर्धारित समयानुसार आमजन, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं अन्य इच्छुक व्यक्तियों के अवलोकनार्थ निःशुल्क खुली रहेगी।

