गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव ने जताया शोक, भाजपा पर सियासत करने का आरोप; सपा ने की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग

Anoop

November 19, 2026

लखनऊ अग्निकांड की याद दिलाकर शोक के दिखावे पर साधा निशाना

ऑपरेशन त्रिनेत्र के कैमरों से सच सामने लाने व अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग

लखनऊ। गोरखपुर में रोड शो के दौरान हुए हादसे में भाजपा नेता के 14 वर्षीय पुत्र आर्य वर्धन सिंह की मृत्यु पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए भाजपा पर इस संवेदनशील घटना पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि किसी मासूम की दुर्घटना में मौत अत्यंत पीड़ादायक है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं, साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर सियासत करने वालों को यह नहीं भूलना चाहिए कि लखनऊ अग्निकांड के दौरान उन्होंने एक मृतक युवा की शोकाकुल मां के साथ किस तरह का दुर्व्यवहार कर उन्हें धमकाया था, और जनता अब ऐसे लोगों के शोक के दिखावे को भली-भांति समझ चुकी है।

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने प्रदेश के डीजीपी और गोरखपुर पुलिस को टैग करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के अंतर्गत चौराहों पर लगाए गए एआई-युक्त कैमरों की फुटेज सामने आने से हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। सपा ने एक साजिश के तहत इस दुर्घटना को पार्टी से जोड़ने का आरोप लगाते हुए भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *