लखनऊ छावनी स्थित कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, कमान अस्पताल (मध्य कमान) द्वारा 06 अगस्त 2026 को ‘कमीशनिंग समारोह-2026’ का भव्य आयोजन
यह आयोजन कमान अस्पताल के कमांडेंट मेजर जनरल आलोक भल्ला (वीएसएम) के नेतृत्व और प्रिंसिपल मैट्रन ब्रिगेडियर प्रमीला केपी के मार्गदर्शन में संपन्न
लखनऊ। लखनऊ छावनी स्थित कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, कमान अस्पताल (मध्य कमान) द्वारा 06 अगस्त 2026 को ‘कमीशनिंग समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कमान अस्पताल के कमांडेंट मेजर जनरल आलोक भल्ला (वीएसएम) के नेतृत्व और प्रिंसिपल मैट्रन ब्रिगेडियर प्रमीला केपी के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में ग्रेजुएट होने वाली कैडेटों को मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) के अधिकारियों के रूप में सफलतापूर्वक कमीशन किया गया।
यह समारोह कठोर अकादमिक शिक्षा, व्यावसायिक नर्सिंग प्रशिक्षण और सैन्य अनुशासन के सफल समापन का प्रतीक था, जिसके साथ ही स्नातकों का आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज़ में औपचारिक प्रवेश हुआ।
कार्यक्रम में सेना चिकित्सा कोर (एएमसी) केंद्र एवं कॉलेज के कमांडेंट और एएमसी अभिलेख प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जे देबनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, फैकल्टी सदस्य, पूर्व छात्र और नव-कमीशन अधिकारियों के गौरवान्वित परिजन भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान ब्रिगेडियर एमएनएस (मध्य कमान) ब्रिगेडियर परवीन रानी ने नव-कमीशन अधिकारियों को पेशेवर निष्ठा की शपथ दिलाई। सभी अधिकारियों ने नैतिक नर्सिंग अभ्यास, नैदानिक उत्कृष्टता, करुणा और राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल जे देबनाथ ने नव-कमीशन अधिकारियों को बधाई दी और सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों व स्वास्थ्य देखभाल क्षमताओं को मजबूत करने में मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर अकादमिक, क्लिनिकल दक्षता, नेतृत्व और समग्र प्रदर्शन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडेटों को सम्मानित भी किया गया। समारोह का समापन औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव और समूह चित्र (ग्रुप फोटोग्राफ) के साथ हुआ।

