यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को बसपा प्रमुख ने मायावती ने दी धार
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद का कद एक बार फिर बढ़ा दिया है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद का कद एक बार फिर बढ़ा दिया है। लंबे समय से चल रही खींचतान और नाराजगी के बाद अब आकाश आनंद को राज्य में प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति की कमान सौंपी गई है।
अब बसपा के चुनावी अभियान की कमान सीधे आकाश आनंद के हाथों में होगी। वे राज्यभर में कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करेंगे और वहीं से उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे। इस नए अभियान की औपचारिक शुरुआत 10 अगस्त को हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में आयोजित होने वाले विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन से होगी। इसके बाद 25 अगस्त को नोएडा के जेवर में उनकी अध्यक्षता में दूसरा प्रमुख सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
हाल ही में लखनऊ प्रवास के दौरान आकाश आनंद और पार्टी के उपाध्यक्ष आनंद कुमार ने बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ उत्तर प्रदेश के भावी राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की थी। इसके बाद ही उन्हें मुख्य धारा के प्रचार अभियान में उतारने का निर्णय लिया गया।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि आकाश आनंद की इस मुख्य भूमिका में वापसी से बसपा को आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ एक सशक्त युवा चेहरे के रूप में पेश करने में मदद मिलेगी। इससे न केवल बसपा कैडर में नए उत्साह का संचार होगा, बल्कि युवाओं को पार्टी से जोड़ने के अभियान को भी गति मिलेगी।

