लखनऊ में आईटीआई छात्रों से बोले पीएम मोदी- युवाओं का कौशल ही ‘विकसित भारत’ की सबसे बड़ी ऊर्जा
अभिभावक बदलें मानसिकता, आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिले आईआईटी जैसा सम्मान: प्रधानमंत्री
लखनऊ: लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल विकास कार्यक्रम के दौरान आईटीआई के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में अंग्रेजों ने पारंपरिक कौशल आधारित व्यवस्था को समाप्त किया। उन्होंने कहा कि मैकाले ने देश की व्यवस्था को तबाह किया और उस शिक्षा व्यवस्था ने देश के कौशल को नुकसान पहुंचाया, क्योंकि अंग्रेजों ने केवल क्लर्क तैयार करने की व्यवस्था विकसित की थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा। सुबह वे पश्चिम बंगाल गए और आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज वे जितनी उमंग के साथ आईआईटी के विद्यार्थियों के पास गए थे, उतनी ही उमंग के साथ आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच भी आए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आईटीआई में पढ़ते हुए विद्यार्थियों ने जो कौशल (स्किल) सीखा है, वही ‘विकसित भारत’ की बड़ी ऊर्जा है और दुनिया के सैकड़ों काम उन्हीं के कौशल से संपन्न होते हैं।
अपने अनुभव साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनका जन्म गुजरात में हुआ और वहां उन्होंने देखा कि अपने कौशल से विकास करने वाले ऐसे हुनरमंद लोग हैं, जिनके बिना गांव की कल्पना भी मुश्किल थी। उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ऐसी व्यवस्था रही है, लेकिन धीरे-धीरे यह कमजोर होती गई।
अंग्रेजों द्वारा कौशल व्यवस्था को खत्म किए जाने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब कोई बच्चा आईटीआई में प्रवेश लेता है, तो माता-पिता यह बात छिपाते हैं, लेकिन अब इस मानसिकता को खत्म करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जितना सम्मान आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलेगा, उतना ही सम्मान आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिलना चाहिए।

