बागपत में प्रेम प्रसंग के चलते बर्बरता: प्रेमिका गिड़गिड़ाती रही, चाचाओं ने हाथ-पैर बांधकर युवक को उतारा मौत के घाट

Anoop

June 9, 2026

बागपत शहर में ऑनर किलिंग का बेहद क्रूर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया

22 वर्षीय युवक शहजान की प्रेमिका के सामने ही बेरहमी से पीट-पीटकर और गला घोंटकर हत्या

बागपतउत्तर प्रदेश के बागपत शहर में ऑनर किलिंग का एक बेहद क्रूर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। केतीपुरा मोहल्ले की नई बस्ती में एक 22 वर्षीय युवक शहजान की उसकी प्रेमिका के सामने ही हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीट-पीटकर और गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को एक रेहड़े में लादकर करीब एक किलोमीटर दूर फेंक आए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मात्र 3 घंटे में मुख्य आरोपी तीन सगे चाचाओं को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।

मृतक शहजान बड़ौत रोड पर गोलगप्पे की ठेली लगाता था और अपने परिवार का सहारा था। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह एक शादी समारोह से अपनी चाची और चचेरी बहन को घर छोड़कर निकला था, लेकिन अपने घर वापस नहीं पहुंचा। दरअसल, शहजान का केतीपुरा मोहल्ले की ही एक युवती के साथ पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था। रविवार की रात वह अपनी इसी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां युवती के चाचाओं ने उसे देख लिया।

आँखों के सामने कत्ल: मिन्नतें काम न आईं

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों—फरमान, इमरान और शाहरुख—ने जो खुलासा किया वह झकझोर देने वाला है। आरोपियों के मुताबिक, 10 दिन पहले भी शहजान को घर में आते देख उन्होंने चेतावनी दी थी, जिसके बाद से वे लगातार घर की निगरानी कर रहे थे। रविवार रात जब शहजान दोबारा आया, तो उनका ‘खून खौल गया’। आरोपियों ने शहजान को पकड़कर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उन्होंने अपनी अनाथ भतीजी (प्रेमिका) को भी वहीं बुला लिया।

 तड़पते हुए शहजान ने दोबारा न आने की भीख मांगी और उसकी प्रेमिका भी अपने तीनों चाचाओं के आगे उसे छोड़ देने के लिए गिड़गिड़ाती रही। लेकिन लोक-लाज और गुस्से में अंधे हो चुके आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और उन्होंने रस्सी से गला घोंटकर शहजान को मौत के घाट उतार दिया।

सबूत मिटाने की कोशिश: 1 किमी दूर फेंका शव

हत्या करने के बाद आरोपियों की योजना शव को जंगल में ठिकाने लगाने की थी, लेकिन पकड़े जाने के डर से वे रात के अंधेरे में शव को कपड़े में लपेटकर एक रेहड़े (हाथगाड़ी) पर लादकर ले गए। उन्होंने घर से एक किलोमीटर दूर एकता कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में शव और शहजान की बाइक को फेंक दिया और फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित तफ्तीश और सफलता:

  • सुबह मचा हड़कंप: सोमवार सुबह एक महिला सफाईकर्मी ने प्लॉट में बंधा हुआ शव देखकर शोर मचाया, जिसके बाद सीओ विजय चौधरी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे।
  • सीसीटीवी ने खोला राज: पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो दो युवक रेहड़े पर शव ले जाते दिखे।
  • 3 घंटे में गिरफ्तारी: फुटेज से रेहड़ा मालिक की पहचान होते ही पुलिस सीधे आरोपियों के घर पहुंची और तीनों चाचाओं को धर दबोचा। वारदात में इस्तेमाल रेहड़ा और मृतक की बाइक बरामद कर ली गई है।

पुराना आपराधिक इतिहास और पुलिस का बयान

मृतक के परिजनों की तहरीर पर सलमान, इमरान, शाहरुख और फरमान के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों का पहले से भी मारपीट और चोरी का आपराधिक इतिहास रहा है। सूरज कुमार राय, एसपी (बागपत)ने बताया कि “युवती से प्रेम संबंधों के चलते इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहजान की हत्या के तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में किसी अन्य बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की भी गहनता से जांच की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *