नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में 29 जुलाई को ‘विश्व बाघ दिवस’ के अवसर पर
बाघों के संरक्षण और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता
लखनऊ। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) में 29 जुलाई को ‘विश्व बाघ दिवस’ के अवसर पर बाघों के संरक्षण और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार विश्वाल उपस्थित रहे। इस दौरान प्राणि उद्यान के उप निदेशक डॉ. उत्कर्ष शुक्ला, वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अशोक कश्यप, डॉ. बृजेंद्र मणि यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी मुकेश चंद्र कांडपाल सहित चिड़ियाघर के कर्मचारी और शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
“इको-सिस्टम संतुलन के लिए बाघों का संरक्षण बेहद जरूरी” छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय कुमार विश्वाल ने सभी को विश्व बाघ दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कहा, “अक्सर लोग सोचते हैं कि बाघ बहुत डरावना और हिंसक प्राणी है, तो इसे बचाने की क्या जरूरत है? लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है। बाघ बहुत ही शांत स्वभाव का प्राणी है और वह तब तक किसी पर हमला नहीं करता जब तक कि उसे खुद पर खतरा महसूस न हो।”

उन्होंने जंगलों और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में लगभग 4,000 बाघ मौजूद हैं। जंगल के इको-सिस्टम (पारिस्थितिकी तंत्र) को बनाए रखने के लिए बाघों का अस्तित्व अत्यंत आवश्यक है। प्रतियोगिता को दो वर्गों (जूनियर एवं सीनियर) में विभाजित किया गया था। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का विवरण इस प्रकार है:
जूनियर वर्ग:
- प्रथम स्थान: प्रत्यक्ष राजपूत (कक्षा 7, बाल विद्या मंदिर, लखनऊ)
- द्वितीय स्थान: माही कश्यप (कक्षा 8, एमिक्स एकेडमी, लखनऊ)
- तृतीय स्थान: अन्विता शुक्ला (कक्षा 8, बाल विद्या मंदिर, लखनऊ)
- सांत्वना पुरस्कार: आरव (कक्षा 8, फ्यूचर प्रोग्रेसिव स्कूल, लखनऊ)
सीनियर वर्ग:
- प्रथम स्थान: तनिष्क गुप्ता (कक्षा 10, बी.वी.एम., लखनऊ)
- द्वितीय स्थान: दिव्या विश्वकर्मा (कक्षा 10, फ्यूचर प्रोग्रेसिव स्कूल, लखनऊ)
- तृतीय स्थान: सृष्टि सिंह (कक्षा 9, बी.वी.एम., लखनऊ)
- सांत्वना पुरस्कार: साक्षी साहू (कक्षा 9, हॉनर कॉलेज, लखनऊ)

