देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीपों से जगमग होगी काशी: सीएम योगी ने परखीं तैयारियां, 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर सजेगा गंगा महोत्सव

Anoop

November 12, 2026

24 नवंबर को दशाश्वमेध घाट पर होगी भव्य महाआरती, लेजर-ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी से सजेगी काशी

सुरक्षा के लिए 10 जोन व 21 सेक्टर में बंटा घाट क्षेत्र, नावों के लिए बनी टू-वे लेन और चलेगा स्वच्छता अभियान

लखनऊ। आगामी देव दीपावली और गंगा महोत्सव की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा पार रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

देव दीपावली को काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व बताते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में जानकारी दी गई कि 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन होगा, जहां चारों दिन होने वाली सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है।

 वहीं दीपोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित दीपकों का भी उपयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस उत्सव का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों सहित सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों तक करने के साथ ही 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा।

मुख्य आयोजन के तहत 24 नवंबर की शाम दीपदान के उपरांत दशाश्वमेध घाट पर भव्य महाआरती, चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन व लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली पर उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संपूर्ण घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है, जहां 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर, ड्रोन कैमरे, 11 खोया-पाया केंद्र और ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस तैनात रहेगी।

जल यातायात को सुगम बनाने के लिए नमो से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी के माध्यम से टू-वे लेन तैयार की गई है तथा डीजल चालित व बाहरी जनपदों की नावों पर प्रतिबंध लगाते हुए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस, वॉटर एम्बुलेंस और चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन को सक्रिय रखा गया है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, दीपदान समाप्त होते ही घाटों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने और टैक्सी, होटल व रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर पर्यटकों से उचित मूल्य ही लिए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *