88 हजार ऋषियों की तपोभूमि और चक्रतीर्थ के रूप में नैमिषारण्य की महिमा; भारतीय संस्कृति की अक्षुण्ण धरोहर
वंदे मातरम के सस्वर गान से गूंजा सभागार; मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र मिश्र और वक्ता डॉ. आनंद दीक्षित ने रखे विचार
लखनऊ। अखिल भारतीय संस्कृत परिषद् लखनऊ के तत्वावधान में शनिवार 14 नवंबर को आयोजित विशेष व्याख्यान कार्यक्रम में विवेकानंद प्रबंधन तकनीकी संस्थान इटावा के प्राचार्य व संस्कृत शिक्षक डॉ. आनंद कुमार दीक्षित ने मुख्य वक्ता के रूप में ‘नैमिषारण्य माहात्म्य’ विषय पर अपने सारगर्भित विचार व्यक्त करते हुए बताया कि भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा में नैमिषारण्य का अत्यंत विशिष्ट एवं गौरवशाली स्थान है।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में स्थित यह पवित्र भूमि भारत की प्राचीन ऋषि-परंपरा, तपस्या, ज्ञान-साधना और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र रही है तथा इसे नैमिष, निमिषारण्य और ऋषियों की तपोभूमि के रूप में भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यताओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह वही पावन स्थल है जहाँ 88 हजार ऋषियों ने एकत्रित होकर यज्ञ और धर्मचर्चा के माध्यम से लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त किया था।
महर्षि शौनक की अध्यक्षता में आयोजित दीर्घकालीन यज्ञ व सूतजी द्वारा पुराणों की कथा-श्रवण की परंपरा ने इसे भारतीय ज्ञान-परंपरा का केंद्र बना दिया। महाभारत और विभिन्न पुराणों में वर्णित नैमिषारण्य की महिमा का उल्लेख करते हुए उन्होंने चक्रतीर्थ को यहाँ की विशेष आध्यात्मिक पहचान बताया जिसकी उत्पत्ति भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र से मानी जाती है, जबकि यहाँ स्थित ललिता देवी मंदिर, व्यास गद्दी, सूत गद्दी, रुद्रतीर्थ, हनुमानगढ़ी और दधीचि कुंड जैसे स्थल इसकी ऐतिहासिक गरिमा को और समृद्ध करते हैं। नैमिषारण्य को तीर्थाटन के साथ-साथ भारतीय ज्ञान, दर्शन, संस्कृति और अध्यात्म का जीवंत प्रतीक बताया।
उन्होंने हुए उन्होंने बल दिया कि वर्तमान समय में इसके धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व को जनमानस तक पहुँचाना तथा इसकी प्राचीन गौरवशाली विरासत का संरक्षण और संवर्धन करना परम आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. जया तिवारी ने अपनी टीम की सदस्य मेघना श्रीवास्तव और निहारिका दुबे के साथ ‘मेरी जिंदगी महिला मिशन बैंड’ के ‘वंदे मातरम गायन उपक्रम’ के अंतर्गत वंदे मातरम का सस्वर संगीमय गायन प्रस्तुत कर राष्ट्र के प्रति सम्मान अर्पित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंगलाचरण रंजना निखिल और लौकिक मंगलाचरण निशांत शुक्ल द्वारा किया गया, जबकि स्वागत गीत कीर्ति व समरीता यादव ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय संस्कृत परिषद् के मंत्री प्रो. प्रयाग नारायण मिश्र ने वाचिक स्वागत करते हुए विषय का प्रवर्तन किया, ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र ने मुख्य अतिथि के रूप में नैमिषारण्य के वैभव का बखान किया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में घुमंतू जनजाति परिषद सीतापुर के विभाग संयोजक अजय कुमार पांडेय ने इसके अनेक रहस्यों का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिषद् के अध्यक्ष डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी ने भारतीय संस्कृति में नैमिषारण्य के वैशिष्ट्य पर प्रकाश डाला, संचालन संयुक्त मंत्री डॉ. अनिल कुमार पोरवाल ने किया, संयोजन डॉ. पत्रिका जैन ने निभाया तथा धन्यवाद ज्ञापन लखनऊ विश्वविद्यालय के संस्कृत-प्राकृत भाषा विभाग के अध्यक्ष प्रो. अभिमन्यु सिंह ने किया। इस गरिमामयी आयोजन में लखनऊ विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रो. अभिमन्यु सिंह, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. कुसुम सिंह, डॉ. विधुदत्त पांडेय, कानपुर के पूर्व कारागार अधीक्षक सहित अनेक विद्वान, ज्योतिष व संस्कृत विभाग के शोध छात्र और पचास से अधिक श्रोता उपस्थित रहे।

