दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप: लखनऊ की आद्या चौहान ने जीता कांस्य पदक, भारतीय दल ने लहराया परचम

Anoop

July 21, 2026

बांग्लादेश में हुई दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाडियों ने दिखाई प्रतिभा

होनहार खिलाड़ी आद्या चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है

लखनऊ। बांग्लादेश में आयोजित दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप में लखनऊ की होनहार खिलाड़ी आद्या चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य (Bronze) पदक अपने नाम किया है। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के साथ ही चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला, जिन्होंने कुल मिलाकर एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

वर्ल्ड कराटे फेडरेशन एवं एशियन कराटे फेडरेशन के तत्वावधान में बांग्लादेश कराटे फेडरेशन द्वारा 15 से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित 10वीं कैडेट, जूनियर, अंडर-21 व सीनियर दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप और द्वितीय अंडर-14 दक्षिण एशिया कराटे कप का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में आद्या ने बालिका सब-जूनियर कुमिते (55 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग) में अपने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के महासचिव जसपाल सिंह ने आद्या की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा, “आद्या चौहान की यह उपलब्धि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए बेहद गर्व की बात है। लखनऊ के खिलाड़ियों ने वैश्विक मंच पर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया है।” उन्होंने आगे बताया कि आद्या से पहले भी लखनऊ के खिलाड़ियों ने बालक जूनियर टीम काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धाओं में रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए थे।

आद्या चौहान की इस ऐतिहासिक सफलता पर खेल जगत में खुशी की लहर है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के चेयरमैन कुणाल सिल्कू (आईएएस), अध्यक्ष टी.पी. हवेलिया, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, आयोजन समिति के चेयरमैन संतोष जायसवाल तथा कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव कृष्णा अवतार ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *